Me Too: 'वो अपनी भाभी और गर्लफ्रेंड के सामने ही मुझसे अश्लील डिमांड करने लगा'
एक्ट्रेस ने बताया है कि किस तरह एक पार्टी में उनके सह-कलाकार ने अपनी गर्लफ्रेंड और भाभी के सामने ही उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया।
नई दिल्ली। अमेरिका से शुरू हुआ मीटू मूवमेंट अब भारत में भी यौन शोषण की घटनाओं के खिलाफ एक बड़ा मंच बनता जा रहा है। सिनेमा, मीडिया और सामाजिक क्षेत्र की दिग्गज हस्तियों के इस मूवमेंट में घिरने के बाद अब बड़े स्तर पर महिलाएं अपने साथ हुए यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। इसी कड़ी में अब एक मशहूर टीवी एक्ट्रेस ने अपने पूर्व सह-कलाकार पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। एक्ट्रेस ने बताया है कि किस तरह एक पार्टी में उनके सह-कलाकार ने अपनी गर्लफ्रेंड और भाभी के सामने ही उनके साथ यौन दुर्व्यवहार किया।

'हम लोगों ने शराब पी हुई थी और डांस कर रहे थे'
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, हाल ही में जी टीवी के धारावाहिक 'ये तेरी गलियां' में नजर आईं एक्ट्रेस रेनी ध्यानी ने साल 2016 की एक पार्टी के दौरान अपने साथ हुई इस घटना का जिक्र किया है। रेनी ध्यानी ने बताया कि पार्टी में उनके सीरियल का मुख्य अभिनेता अपनी गर्लफ्रेंड और भाभी के साथ आया हुआ था। इस दौरान हम सभी ने शराब पी हुई थी और हम लोग डांस कर रहे थे। अभिनेता के नाम का खुलासा ना करते हुए ध्यानी ने बताया कि उसने भी शराब पी हुई थी।

'एक सेकंड के लिए मैं बिल्कुल हैरान रह गई'
रेनी ध्यानी ने घटना के बारे में बताया, 'वह एक्टर कद में काफी लंबा था, वो अचानक मेरे सामने आकर खड़ा हो गया और चिल्लाते हुए मुझसे अश्लील डिमांड करने लगा। एक सेकंड के लिए मैं उसके दुस्साहस को देखकर हैरान रह गई कि वह क्या कर रहा है? शो के डायरेक्टर ने मुझसे कहा कि रेनी तुम कुछ मत करना। मैंने कहा कि मैं उसे इस तरह नहीं छोड़ूंगी। अपनी गर्लफ्रेंड के सामने मुझसे इस तरह की डिमांड करने की उसकी हिम्मत कैसे हुई? यहां तक कि उसकी भाभी भी यहां मौजूद है। वहां मौजूद हर किसी ने मुझसे चुप रहने को कहा।'

'अपनी गर्लफ्रेंड से वो सब करने के लिए कहो'
एक्ट्रेस ने आगे बताया, 'मैं उसकी इस हरकत पर काफी गुस्से में थी। मैंने उससे कहा कि तुम अपनी प्रेमिका से वो सब करने के लिए कहो, जो मुझसे कहा। वो अभिनेता टीवी इंडस्ट्री में भी अपने दुर्व्यवहार के लिए जाना जाता है। वो इतना गुस्सैल और बदमिजाज है कि उसकी गर्लफ्रेंड ने भी उससे ब्रेकअप कर लिया। यहां तक कि उसकी दूसरी गर्लफ्रेंड के प्रति भी उसका व्यवहार ऐसा ही था, इसलिए हाल ही में उस लड़की ने भी उससे ब्रेकअप किया है। इस घटना से पहले तक मैं उस एक्टर की दोस्त थी, लेकिन उस रात के बाद मैंने उससे बातचीत तक करना बंद कर दिया।'

'मैंने फेसबुक लाइव के जरिए बताया भी लेकिन...'
अपने साथ घटी इस घटना के बारे में बताते हुए एक्ट्रेस रेनी ध्यानी ने कहा, 'इस घटना के बारे में मैंने उस वक्त फेसबुक लाइव के जरिए बताया भी था लेकिन बाद में शो से ही जुड़े एक शख्स ने मुझसे इसे डिलीट करने के लिए कहा और मैंने उस पोस्ट को डिलीट कर दिया। हालांकि अब मुझे उस पोस्ट को हटाने का अफसोस है।' आपको बता दें कि रेनी ध्यानी रोडीज 8 और बिग बॉस के आठवें सीजन का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा वो 'कसम तेरे प्यार की' सीरियल में भी काम कर चुकी हैं। फिलहाल वो 'ये तेरी गलियां' सीरियल कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications