सैफई MBBS स्टूडेंट सुसाइड केस- घरवालों को साजिश का शक, बोले- जिसने MBBS टॉप किया वो खुदकुशी क्यों करेगी
गाजियाबाद। सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही बीजेपी के नेता की बेटी वंदना शुक्ला की मौत के बाद परिवार की तरफ से कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठाए गए हैं। वंदना के पिता केके शुक्ला ने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने कहा बेटी वंदना काफी होनहार थी। वह कभी भी ऐसा कदम नहीं उठा सकती। बेटी के पैर पलंग से छू रहे थे। ऐसे में साफ है छात्रा की किसी ने हत्या की है। कोई सुसाइड नोट भी उसके कमरे से नहीं मिला है। आपको बता दें कि विजयनगर स्थित प्रताप विहार निवासी केके शुक्ला भाजपा के पश्चिमी उत्तर पदेश के कार्यकारिणी सदस्य हैं। वह भाजपा के टिकट पर गोंडा की कर्नलगंज विधान सभासीट से दो बार विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं।

पिता ने कहा-नवरात्र में नई स्कूटी लेने आ रही थी वंदना
केके शुक्ला ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में बहुत अच्छी थी। हापुड़ के कॉलेज से एमबीबीएस करने के बाद वह सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमडी करने गई थी। वह दूसरे साल में थी। केके शुक्ला ने बताया कि शनिवार को ही उनकी बेटी से बात हुई थी, वह सामान्य थी। उसका 31 तारीख को गाजियाबाद आने का प्लान था। उसे नई स्कूटी दिलवानी थी। तीसरे नवरात्र 1 अक्टूबर उसके लिए नई स्कूटी लेनी थी। इसके बाद वह नई स्कूटी लेकर परिवार के साथ त्योहार मना वापस लौटती। केके शुक्ला ने बताया कि उनकी बेटी डॉक्टर बन सामाज के लिए कुछ करना चाहती थी।

पिता ने बताया साजिश
पिता ने कॉलेज प्रशासन पर आरोप लगाया कि करीब 11 बजे उनके पास हॉस्टल के वार्डन का फोन आया और उन्होंने बताया कि वंदना क्लास में नहीं गई। जिसके बाद उन्होंने कहा कि क्लास सुबह होती और वह अब बता रहे हैं। बहस के बाद वार्डन उसके कमरे में गए और उसे खोलने के स्थान पर फिर उन्हें फोन किया। इसके बाद 10 मिनट में पुलिस के गेट तोड़ने की जानकारी देते हुए उनकी बेटी के आत्महत्या के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के घुटने जमीन पर लगे हुए थे। उसके चेहरे पर लाल निशान थे। ऐसे में यह साजिश है। इस मामले में वह शिकायत करेंगे।

एमबीबीएस में किया था टॉप
परिजनों ने बताया कि वंदना चार भाई बहन है। सबसे बड़ी वंदना है। एक छोटी बहन व दो छोटे भाई हैं। परिजनों ने बताया कि वंदना को नवरात्र पर नई स्कूटी लेनी थी। पिता ने भी स्कूटी दिलाने को बोल दिया था। एमबीबीएस में सरस्वती मेडिकल कॉलेज हापुड़ को उसने टॉप किया था।