मायावती ने उत्तराधिकारी पद से हटाया तो भतीजे आकाश आनंद ने अब दिया बड़ा बयान, कहा- 'लड़ते रहेंगे...'
Akash Anand Mayawati News: लोकसभा चुनावों के बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेशनल कोऑर्डिनेटर और उत्तराधिकारी के पद से हटाए जाने के बाद अब आकाश आनंद ने चुप्पी तोड़ी है। आकाश आनंद ने कहा है कि उन्हें मायावती का आदेश स्वीकार है।
आकाश आनंद ने कहा है कि उनके लिए मायावती का आदेश सिर माथे पर है। उन्होंने मायावती को सर्वमान्य नेता भी कहा है। आकाश आनंद ने कहा है कि, वह भीम मिशन और अपने समाज के लिए अपनी आखिरी सांस तक लड़ते रहेंगे।

आकाश आनंद ने क्या-क्या कहा? यहां पढ़ें पूरा बयान
आकाश आनंद ने ट्वीट कर कहा,
''आदरणीय बहन, मायावती जी, आप पूरे बहुजन समाज के लिए एक आदर्श हैं, करोड़ों देशवासी आपको पूजते हैं। आपके संघर्षों की वजह से ही आज हमारे समाज को एक ऐसी राजनैतिक ताकत मिली है जिसके बूते बहुजन समाज आज सम्मान से जीना सीख पाया है। आप हमारी सर्वमान्य नेता हैं। आपका आदेश सिर माथे पे। भीम मिशन और अपने समाज के लिए मैं अपनी अंतिम सांस तक लड़ता रहूंगा। जय भीम, जय भारत।''
मायावती ने क्यों हटाया आकाश आनंद को सभी पद से
आकाश आनंद के खिलाफ मायावती ने कार्रवाई 7 मई को की थी। मायावती ने ट्वीट कर कहा था कि, ''विदित है कि बीएसपी एक पार्टी के साथ ही बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के आत्म-सम्मान-स्वाभिमान तथा सामाजिक परिवर्तन का भी मूवमेंट है जिसके लिए कांशीराम जी और मैंने खुद भी अपनी पूरी जिंदगी समर्पित की है और इसे गति देने के लिए नई पीढ़ी को भी तैयार किया जा रहा है।''
मायावती ने आगे जानकारी देते हुए लिखा था कि, ''इसी क्रम में पार्टी में, अन्य लोगों को आगे बढ़ाने के साथ ही, आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया, लेकिन पार्टी और मूवमेंट के व्यापक हित में पूर्ण परिपक्वता आने तक अभी उन्हें इन दोनों अहम जिम्मेदारियों से अलग किया जा रहा है।''
आकाश आनंद के खिलाफ कथित आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज होने के बाद मायावती ने यह फैसला लिया था। इसके बाद उनकी कई रैलियां रद्द कर दी गईं। 28 अप्रैल को एक भाषण में भाजपा पर तीखा हमला करते हुए आकाश आनंद ने कहा था कि, देश में "आतंकवादियों की सरकार" चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications