कश्मीर की लड़कियों से शादी करना दो भाइयों को पड़ा महंगा, हुए गिरफ्तार
सुपौल। बिहार के दो युवकों को कश्मीर की दो लड़कियों से शादी करना महंगा पड़ गया है। उन पर दोनों लड़कियों को भगा कर लाने और अपहरण का आरोप लगा है। यही नहीं पूरे मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया है। जिन युवकों पर ये आरोप लगा है वो दोनों सगे भाई हैं। वहीं जिन लड़कियों को भगाकर लाए जाने की बात कही गई हैं वो दोनों भी बहनें हैं। गिरफ्तार युवकों का कहना है कि उन्होंने इन लड़कियों से विवाह किया है। फिलहाल पुलिस ने इन लड़कियों को बरामद कर लिया है और मामले की तफ्तीश जारी है।
पहले प्यार, फिर शादी के बाद अब थाने पहुंचा मामला
जानकारी के मुताबिक, सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर गांव के निवासी परवेज आलम और उसके भाई तबरेज आलम को कश्मीर से लड़की भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोनों भाई कश्मीर के रामवन में राजमिस्त्री का काम करते थे। इसी दौरान उन्हें वहां रहने वाली दो सगी बहनों से प्यार हो गया। इसी बीच दोनों भाई इन दोनों बहनों को लेकर राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर गांव लेकर आ गए। हालांकि, दोनों बहनों के पिता ने इन युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।
इसे भी पढ़ें:- अब ट्रैफिक नियम तोड़ा तो लगेगा कई गुना ज्यादा जुर्माना, देखें पूरी लिस्ट
दोनों भाइयों पर लगा लड़कियों को भगाने का आरोप
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जिन लड़कियों को सुपौल के दोनों युवक लेकर आए थे उनके पिता ने कश्मीर में पुलिस थाने जाकर अपनी बेटियों को भगाने की प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसके बाद कश्मीर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सुपौल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसी मामले की जांच के दौरान कश्मीर पुलिस सुपौल आई, स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों भाइयों तबरेज और परवेज को गिरफ्तार कर लिया। उन पर लड़कियों के भगाने और अपहरण का आरोप लगा है।
कश्मीर की दोनों लड़कियों ने क्या कहा
दूसरी ओर सुपौल पुलिस की ओर से बताया गया है कि दोनों आरोपी भाइयों का कहना है कि उन्होंने रजामंदी से लड़कियों से शादी की है। उन्होंने कहा कि शादी का सबूत भी हमारे पास है। दूसरी ओर जिन युवतियों के अपहरण का आरोप इन युवकों पर लगा है उन्होंने भी इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें इन युवकों से प्यार था और अब उन्होंने शादी भी रचा ली है। फिलहाल कश्मीर पुलिस सुपौल में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार युवकों को अपने साथ कश्मीर ले जाने की तैयारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें:- एटीएम से निकालते हैं पैसे तो देख लें यह वायरल VIDEO, ऐसे हो सकता है आपसे भी धोखा