Andhra Pradesh: खूंखार माओवादी हिडमा के बाद एक और टॉप लीडर ढेर, दूसरे दिन मुठभेड़ में 7 नक्सलियों की मौत
माओवादियों के खिलाफ आज फिर सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (माओवादी) के सात सदस्य बुधवार की सुबह आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) ज़िले के मारेदुमिल्ली जंगलों में पुलिस के साथ भीषण गोलीबारी (EoF) में मारे गए। यह लगातार दूसरे दिन इसी जिले के जी.एम. वलसा के पास के जंगल क्षेत्र में हुई घातक मुठभेड़ है।
मारे गए लोगों में टॉप माओवादी लीडर मेटुरी जोगा राव उर्फ टेक शंकर (Metturi Joga Rao alias Tech Shanka) भी शामिल हैं, जो आंध्र ओडिशा सीमा (AOB) क्षेत्र के भाकपा (माओवादी) केंद्रीय समिति सदस्य का प्रभारी था।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP-खुफिया) महेश चंद्र लड्ढा ने विजयवाड़ा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन मौतों की पुष्टि की। लड्ढा ने कहा कि, 'मुठभेड़ सुबह करीब 7 बजे हुई और अंतिम रिपोर्ट आने तक गोलीबारी जारी थी।" मृतकों में तीन महिलाएं और चार पुरुष नक्सली शामिल हैं।
कल भागने में सफल हुए आओवादी भी मारे गए
लड्ढा ने जोगा राव की मौत के महत्व का जिक्र हुए बताया कि टेक शंकर प्रतिबंधित संगठन में टेक्निकल ऑपरेशन में एक्सपर्ट था। खुफिया प्रमुख ने यह भी बताया कि बुधवार को मारे गए कुछ माओवादी वे ही थे जो कल की गोलीबारी के दौरान पुलिस से भागने में सफल रहे थे। बाकी छह मृतकों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
24 घंटे में दूसरी मुठभेड़: माओवादियों पर सुरक्षा बलों का बड़ा प्रहार
कमांडर माडवी हिडमा की मौत के ठीक 24 घंटे बाद यह दूसरी बड़ी मुठभेड़ हुई। पिछली मुठभेड़ (मंगलवार, 18 नवंबर) में छह माओवादी मारे गए थे, जिनमें कमांडर माडवी हिडमा (भाकपा माओवादी का केंद्रीय समिति सदस्य और दक्षिण बस्तर बटालियन कमांडर) और उसकी पत्नी माडकम राजे (छत्तीसगढ़ राज्य ज़ोनल कमेटी सदस्य) शामिल थे। लगातार दो दिनों में हुए ये ऑपरेशन स्पष्ट रूप से दिखाते हैं कि सुरक्षा बल आंध्र-ओडिशा सीमा (AOB) क्षेत्र में नक्सली उपस्थिति के खिलाफ अपने अभियान को तेज़ कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications