अरुणाचल प्रदेश: कुमी नदी में डूबने से एक मजदूर की मौत, 18 लापता, चीन सीमा के पास कर रहे थे काम
नई दिल्ली, 19 अप्रैल: अरुणाचल प्रदेश में कुमी नदी में कई मजदूरों के डूबने की खबर है। ये सभी मजदूर चीन सीमा के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे हुए थे। ईद के मौके पर जब सवारी नहीं मिली तो बड़ी संख्या में मजदूर पैदल ही घर की ओर निकल पड़े। बताया जा रहा है कि रास्ते में ही ये हादसा हुआ। सूत्रों के मुताबिक अभी एक मजदूर की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 18 लापता बताए जा रहे। उनकी भी मौत की आशंका है।

न्यूज चैनल इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी सीमा के पास कुरुंग कुमे जिले में 'सीमा सड़क संगठन' (बीआरओ) सड़क निर्माण कर रहा है। इस वजह से असम से बहुत सारे मजदूर वहां काम करने पहुंचे थे। एक हफ्ते पहले ईद पर उन्होंने छुट्टी मांगी, लेकिन कॉन्ट्रैक्टर ने मना कर दिया। साथ ही उनको वहां से कोई साधन भी नहीं मिला। जिस वजह से वो पैदल ही घर के लिए निकल पड़े। उसके बाद से उनका कुछ नहीं पता है।
शुरू में खबर आ रही थी कि मजदूर कुरुंग कुमे के जंगलों में भटक गए हैं, लेकिन सोमवार को उनके नदी में डूबने की बात सामने आई। वहीं दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेस्क्यू टीम को कई जगहों पर भेजा गया। अभी तक उसे सिर्फ एक शव बरामद हुआ है, जबकि 18 मजदूर अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए मंगलवार को कई सर्च पार्टियां भेजी जाएंगी।
बारिश में नदियां उफान पर
आपको बता दें कि अरुणाचल का ज्यादातर हिस्सा पहाड़ी है। इन दिनों बारिश का मौसम चल रहा, ऐसे में नदियां उफान पर रहती हैं। इसी वजह से आशंका जताई जा रही है कि मजदूर तेज बहाव की चपेट में आ गए होंगे। वहीं एक हफ्ते से मजदूर लापता चल रहे, लेकिन ना तो कॉन्ट्रैक्टर और ना ही प्रशासन ने किसी को कोई जानकारी दी।












Click it and Unblock the Notifications