कुमार का विश्वास हासिल करने के लिए शुरू हुई भाजपा की कोशिश
मनोज तिवारी ने केजरीवाल पर साधा निशाना, कुमार विश्वास का बचाव करते हुए बोले दोनों की राजनीति में फर्क
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के भीतर पिछले कुछ दिनों से जो घमासान चल रहा है उसपर दिल्ली भाजपा के मुखिया मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि जिस तरह से चुनाव के परिणाम सामने आए हैं उसके बाद पार्टी के भीतर छोटी राजनीति खुल कर सामने आ गई है, जो आम आदमी पार्टी पिछले काफी दिनों से कर रही है।

केजरीवाल सरकार गैरजिम्मेदार
मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली चुनाव के नतीजे आम आदमी पार्टी की छोटी राजनीति का परिणामा है। जिस वक्त दिल्ली पानी की कमी, बिजली की कमी से जूझ रही थी उस वक्त ये पार्टी अपने व्यक्तिगत मुद्दे सुलझाने में लगी हुई है। ये लोग अपनी व्यक्तिगत उठापटक में लगे हुए हैं, यह सरकार गैरजिम्मेदार सरकार है। कुमार विश्वास के मुद्दे पर तिवारी ने कहा कि यह पुराने नेताओं और केजरीवाल के बीच मतभेद की लड़ाई है।

विश्वास और केजरीवाल की राजनीति में फर्क
कुमार विश्वास के बारे में बोलते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी में हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा से ही देश के जवानों के लिए अपनी आवाज उठाई है, लेकिन केजरीवाल उन लोगों का समर्थन करते हैं जो देश को तोड़ने की बात करते हैं, ऐसे में इन दोनों नेताओं में यह बड़ा मतभेद है। कई ऐसे लोग हैं जो देश के बारे में सोचते हैं और वह आम आदमी पार्टी की राजनीति के साथ खुद को स्थापित करने में असहज महसूस कर रहे हैं। वहीं इन सब के बीच मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने कुमार विश्वास को मनाने की कोशिश शुरु कर दी है।

जल्द लेंगे बड़ा फैसला
खुद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा था कि कुमार विश्वास हमारे अभियान के अभिन्न अंग हैं, उन्हें हमसे कुछ शिकायत हैं, लेकिन मुझे भरोसा है कि हम उन्हें मना लेंगे। कुमार विश्वास के घर पर केजरीवाल और मनीष सिसोदिया बैठक करने पहुंचे और माना जा रहा है इस बैठक के बाद कोई बड़ा फैसला सामने आ सकता है। खुद कुमार विश्वास ने पार्टी से अलग होने के संकेत दिए थे, जिसके बाद उन्हें मनाने की कोशिशें तेज हो गई।

मेरे खिलाफ साजिश की जा रही
कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि अमानतुल्ला ने मेरे बारे में जो कुछ कहा है अगर उसने यह सब केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बारे में कहा होता तो उन्हें 10 मिनट के भीतर पार्टी से बाहर कर दिया गया होता। लेकिन उन्होंने इससे पहले भी कई बार ऐसा कहा है, लेकिन इसके बाद भी उन्हें पार्टी से बाहर नहीं निकाला गया। उन्होंने कहा कि अमानतुल्ला सिर्फ एक चेहरा है, उनके पीछे आवाज किसी और की है, मैं इन लोगो से अपील करता हूं कि वह मेरे खिलाफ ऐसा नहीं करें।

उसूलों से समझौता नहीं करुंगा
कुमार विश्वास ने साफ किया कि वह अपने उसूलों से समझौता नहीं करेंगे और वह जल्द ही अपने भविष्य के बारे में फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर गलत चीजों के खिलाफ मैं हमेशा बोलता रहूंगा, मैं मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री या पार्टी का मुखिया बनना का बिल्कुल भी इच्छुक नहीं हूं। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह कोई और दल भी ज्वाइन नहीं करेंगे। गौरतलब है कि अमानतुल्ला ने विश्वास पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह भाजपा व आरएसएस के एजेंट हैं। अमानतुल्ला ने सोमवार को आप की पीएसी से इस्तीफा दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications