मनोज बाजपेयी पटना में लालू यादव से मिले, जानिए क्या है इस मुलाकात के पीछे की वजह
मनोज बाजपेयी पटना में से मिले, जानिए क्या है इस मुलाकात के पीछे की वजह
पटना, 18 सितंबर: बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी ने पटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। लालू यादव पिछले काफी वक्त से बीमार हैं। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार मनोज बाजपेयी और लालू प्रसाद यादव की तस्वीरें शेयर कर कहा है कि अभिनेता मनोज बाजपेयी ने पटना में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की है। मनोज बाजपेयी और लालू प्रसाद यादव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
Recommended Video

तेजस्वी यादव ने इस मुलाकात को लेकर क्या कहा?
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मनोज बाजपेयी और लालू यादव की तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, ''बिहार की माटी के लाल, हिंदी सिनेमा के सुप्रसिद्ध एवं संजीदा अभिनेता पद्मश्री मनोज बाजपेयी जी आवास पर मिलने पहुंचे और पिता श्री लालू प्रसाद यादव जी के स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। इन्होंने मेहनत व काबिलियत के बदौलत फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बना बिहार को गौरवान्वित किया है।''

आखिर लालू यादव से क्यों मिलने गए थे मनोज बाजपेयी
बता दें कि मनोज बाजपेयी लालू प्रसाद यादव से मिलने उनकी तबीतय का हालचाल लेने की वजह से गए थे। इस मुलाकात का कोई राजनीतिक संबंध नहीं है। एक तस्वीर में, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी को राजद प्रमुख और बिहार के पूर्व सीएम का हाथ जोड़कर अभिवादन करते देखा जा सकता है। अन्य तस्वीरों में मनोज बाजपेयी को पिता-पुत्र की जोड़ी के साथ बातचीत करते और चाय पीते देखा जा सकता है।

सिंगापुर जाने वाले हैं लालू यादव
रांची में सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा बीमार नेता का पासपोर्ट जारी करने की अनुमति दिए जाने के बाद लालू प्रसाद अगले सप्ताह इलाज के लिए सिंगापुर के लिए रवाना होने वाले हैं। लालू यादव के वकील प्रभात कुमार ने कहा, "हमें एक हलफनामा दाखिल करने के लिए कहा गया है जिसमें यह घोषणा की गई है कि इलाज के बाद देश लौटने पर पासपोर्ट वापस अदालत में जमा किया जाएगा।" उन्होंने बताया कि सोमवार को हलफनामा दाखिल किया जाएगा।

जमानत पर बाहर हैं लालू यादव
चारा घोटाले के कई मामलों में सजा सुनाए जाने के बाद लालू प्रसाद जेल में समय काटने के बाद जमानत पर बाहर हैं। कई बीमारियों से पीड़ित लालू प्रसाद पिछले एक महीने से नई दिल्ली से लौटने के बाद पटना में रह रहे हैं, जहां इस साल की शुरुआत में उनके दाहिने कंधे में फ्रैक्चर का इलाज हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications