मनोहर पर्रिकर के बेटे गुरुवार को करेंगे नामांकन, श्रीपद नाइक के बेटे को भी बीजेपी ने नहीं दिया टिकट
नई दिल्ली, 26 जनवरी: गोवा में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां जारी हैं। किसी जमाने में बीजेपी के संकटमोचन रहे दिवंगत मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर ने इस चुनाव में पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है। वो पणजी से लड़ना चाहते थे, लेकिन हाईकमान ने उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्हें आम आदमी पार्टी से ऑफर मिला, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया। अब वो गुरुवार को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पणजी विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करेंगे। हालांकि बीजेपी नेता दावा कर रहे कि हाईकमान उत्पल के संपर्क में है।

वहीं दूसरी ओर केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपद नाइक के बेटे सिद्धेश को भी बीजेपी हाईकमान ने झटका दिया है। वो उत्तरी गोवा की कुम्भरजुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन फाइनल लिस्ट में उनका नाम नहीं है। राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक बीजेपी ने पहले ही साफ कर दिया था कि वो 'एक परिवार से एक टिकट' वाले फॉर्मूले पर काम करेगी, जिस वजह वरिष्ठ नेताओं के परिजनों के टिकट कट रहे हैं।
पणजी से किसे मिला टिकट?
आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की मौत के बाद पणजी विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराए गए थे, जिसमें कांग्रेस के अतनासियो मोंटेसेरेट ने जीत दर्ज की थी। हालांकि बाद में अतनासियो कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए। उत्पल पर्रिकर भी इसी सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन बीजेपी ने एक बार फिर अतनासियो को टिकट दिया है।












Click it and Unblock the Notifications