शपथ ग्रहण के साथ मनोहर लाल खट्टर बने हरियाणा के मुख्यमंत्री
नयी दिल्ली। विधानसभा चुनाव में बेहतरीन जीत दर्ज करने वाली भारतीय जनता पार्टी के मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। जिस वक्त वो शपथ ले रहे थे, उस वक्त मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहानउपस्थति थे।

पहले गैर-जाट नेता खट्टर ने सीएम पद की शपथ हिंदी में ली। मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में पहली बार हरियाणा में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। उन्हें राज्यपाल कैप्टन सिंह सोलंकी ने शपथ दिलायी। पंचकुला के सेक्टर पांच स्थित मेला ग्राउंड में एक सार्वजनिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता खट्टर के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहे।
खट्टर के साथ 6 मंत्रियों एवं 3 राज्यमंत्रियों ने शपथ ली। जिन मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, उनमें छह केबिनेट मंत्री कविता जैन, राज्य भाजपा अध्यक्ष राम बिलास शर्मा, अभिमन्यु, ओम प्रकाश धनखड़, अनिल विज और नरबीर सिंह शामिल हैं। वहीं विक्रम सिंह ठेकेदार, कृष्ण कुमार बेदी और करण देव कांबोज स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री बनाए गए हैं।
60 वर्षीय खट्टर हरियाणा के पहले भाजपाई मुख्यमंत्री हैं। भाजपा ने बीते रविवार विधानसभा चुनावों में 47 सीटें जीत कर हरियाणा की राजनीति में इतिहास रच डाला। खट्टर 1990 के दशक में पंजाब एवं हरियाणा में पार्टी से संबंधित मामलों के तत्कालीन प्रभारी रहे नरेंद्र मोदी के साथ काम कर चुके हैं। वे मोदी के बेहद करीबी लोगों में से एक माने जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications