Mann Ki Baat: PM मोदी का बड़ा संदेश, राम मंदिर ध्वजारोहण से ‘वोकल फॉर लोकल’ तक, मन की बात की 10 अहम बातें
Mann Ki Baat (PM Modi News): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए रविवार (30 नवंबर) को देशवासियों से संवाद किया। नवंबर में हुई ऐतिहासिक घटनाओं से लेकर खेल, संस्कृति, आत्मनिर्भरता और अंतरिक्ष तक-PM मोदी ने कई मुद्दों पर विस्तार से बात की। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने उन प्रेरणादायक पलों से की, जो इस महीने देशभर में लोगों को नई ऊर्जा देकर गए।
नवंबर बना प्रेरणाओं का महीना
PM मोदी ने कहा कि नवंबर कई महत्वपूर्ण अवसर लेकर आया। उन्होंने 26 नवंबर के संविधान दिवस के विशेष कार्यक्रम का जिक्र किया। साथ ही वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में आयोजित कार्यक्रमों को अद्भुत बताया।

इसी कड़ी में अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा आरोहण और कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पांचजन्य स्मारक के लोकार्पण को भी उन्होंने खास बताया। PM मोदी के अनुसार ये घटनाएं देश की सांस्कृतिक धरोहर और आस्था के गौरव को और मजबूत करती हैं।
🔹 3D शो में दिखेगी महाभारत की गाथा
PM मोदी ने आगे कुरुक्षेत्र के महाभारत अनुभव केंद्र का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब लोग सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए महाभारत को जीवंत रूप में महसूस कर पाएंगे। यहां 3D प्रेजेंटेशन, लाइट एंड साउंड शो और डिजिटल तकनीक से पूरी महाभारत की कथा को दर्शाया जा रहा है। पीएम मोदी के अनुसार यह केंद्र युवाओं और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए बड़ा आकर्षण बनेगा।
🔹 काशी-तमिल संगमम का नया अध्याय
PM मोदी ने बताया कि 2 दिसंबर से काशी के नमो घाट पर चौथा काशी-तमिल संगमम शुरू हो रहा है। इस बार इसकी थीम है - Learn Tamil - तमिल करकलम्। पीएम मोदी ने कहा कि काशी-तमिल संगमम उन लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मंच बन गया है, जिन्हें तमिल भाषा, संस्कृति और परंपराओं से गहरा लगाव है। उत्तर और दक्षिण की सांस्कृतिक साझेदारी को यह कार्यक्रम और मजबूत बना रहा है।
🔹 भारतीय नौसेना में शामिल हुआ INS 'माहे'
PM मोदी ने गर्व के साथ बताया कि मुंबई में INS 'माहे' को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया है। इसका डिजाइन पूरी तरह स्वदेशी है, जिसे लेकर देशभर में उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि पुडुचेरी और मालाबार के लोग इसके नाम से बेहद खुश हैं, क्योंकि 'माहे' एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक विरासत वाला स्थान रहा है। PM मोदी ने इसे नौसेना की तेजी से बढ़ती आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
🔹 देश में लौट रही स्वदेशी की चमक
'वोकल फॉर लोकल' को लेकर PM मोदी ने कहा कि यह अभियान सिर्फ नारा नहीं, बल्कि लोगों की जीवनशैली बन चुका है। त्योहारों की खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती मांग से उन्होंने देश की सोच में सकारात्मक बदलाव दिखने की बात कही। PM मोदी ने कहा कि बाजारों में लोगों की पसंद साफ बता रही थी कि देश स्थानीय और देसी उत्पादों की ओर तेज़ी से लौट रहा है।
🔹 महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास
मन की बात में प्रधानमंत्री ने भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम की बड़ी उपलब्धि का भी जिक्र किया। टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर देश को गौरवान्वित किया और खास बात यह रही कि उन्होंने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा। PM मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है और इस टीम ने देश की बेटियों की क्षमता को फिर साबित किया है।
🔹 उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म बना आकर्षण का केंद्र
PM मोदी ने बताया कि इन दिनों उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म देशभर के लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। औली, मुनस्यारी, चोपटा और डेयारा जैसी जगहें सर्दियों में बेहद लोकप्रिय हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिथौरागढ़ में 14,500 फीट की ऊंचाई पर राज्य की पहली High Altitude Ultra Run Marathon आयोजित की गई, जिसमें 18 राज्यों से 750 से ज्यादा एथलीट्स ने हिस्सा लिया।
🔹 खाद्यान्न उत्पादन और अंतरिक्ष में भारत की प्रगति का जिक्र
कार्यक्रम के दौरान PM मोदी ने देश में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन का उल्लेख किया और किसानों की मेहनत की सराहना की। साथ ही उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में ISRO की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि भारत की अंतरिक्ष यात्रा नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रही है।
PM मोदी का यह संस्करण संस्कृति, तकनीक, आत्मनिर्भरता, खेल, टूरिज्म और राष्ट्रीय गौरव-सभी को एक साथ जोड़ने वाला रहा। 'मन की बात' के जरिए प्रधानमंत्री ने फिर एक बार देशवासियों को प्रेरणा और नए संकल्पों की ओर बढ़ने का संदेश दिया।












Click it and Unblock the Notifications