Mann ki Baat 100 episode:कौन हैं कवेमश्री, जिन्हें पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए मिला खास निमंत्रण?
Mann ki Baat 100 episode:इस कार्यक्रम के लिए प्रसार भारती की ओर से कई विशिष्ट लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसमें कर्नाटक के कवेमश्री भी शामिल हैं।

कर्नाटक के गडग जिले के होटल कारोबारी डॉक्टर कवेमश्री को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम के 100वें एपिसोड के लिए खास मेहमान के तौर पर निमंत्रण मिला है। उन्हें 30 अप्रैल को होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए प्रसार भारती की ओर से बुलाया गया है।
विशेष मेहमानों में शामिल हैं कवेमश्री
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक कवेमश्री ने बताया है कि इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित विशेष मेहमानों में वो भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।'
कौन हैं कवेमश्री?
डॉक्टर कवेमश्री पेशे से होटल कारोबारी रहे हैं। वह कर्नाटक के गडग जिले के कला चेतना के अध्यक्ष भी हैं। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 96वें एपिसोड में उनकी काफी सराहना की थी।
25 दिसंबर, 2022 को रेडियो पर प्रसारित अपने कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा था, 'कवेमश्री दक्षिण में कर्नाटक की कला-संस्कृति को पुनर्जीवित करने के मिशन में पिछले 25 वर्षों से अनवरत लगे हैं। आप कल्पना कर सकते हैं कि उनकी तपस्या कितनी बड़ी है।'
उन्होंने बताया कि 'पहले तो वे होटल मैनेजमेंट के प्रोफेशन से जुड़े थे। लेकिन, अपनी संस्कृति और परंपरा को लेकर उनका लगाव इतना गहरा था कि उन्होंने इसे अपना मिशन बना लिया....।' कवेमश्री का कहना है कि यह उनका सौभाग्य है कि पीएम मोदी ने उनकी सराहना की है।
प्रसार भारती ने दिया निमंत्रण
प्रसार भारती की ओर से कवेमश्री को जो संभावित कार्यक्रम की जानकारी दी गई है, उसके मुताबिक 26 अप्रैल को दिल्ली में 'मन की बात@100' पर एक कॉन्क्लेव आयोजित होगा। 27 अप्रैल को मेहमानों को कर्तव्य पथ, राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री संग्राहलय ले जाया जाएगा।
28 अप्रैल को वे लाल किला, राजघाट और महात्मा गांधी संग्राहलय जाएंगे। 29 अप्रैल को सारे मेहमान अपने गृह राज्यों की राजधानी लौट जाएंगे। कवेमश्री 'मन की बात' के 100वें एपिसोड की स्क्रीनिंग में बेंगलुरु स्थित राजभवन से शामिल होंगे।
बेंगलुरु राजभवन से होंगे कार्यक्रम में शामिल
प्रसार भारती सूत्रों के मुताबिक 100वें एपिसोड के लिए बेंगलुरु राजभवन में विभिन्न एपिसोड में शामिल किए गए लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि 'यह सम्मान वे दंबल-गडग के जगदगुरु तोंटाडार्या मठ के डॉ. तोंटाडा सिद्धालिंग महास्वामी जी को समर्पित करते हैं।'
उन्होंने उनके मंच की गतिविधियों में मदद की थी। कवेमश्री का कहना है, 'मैं इस उपलब्धि को मेरे शुभचिंतकों, मित्रों और गडग की आम जनता के साथ भी साझा करना चाहता हूं, जिन्होंने हर साल सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साह बढ़ाया है।'
जब प्रधानमंत्री मोदी ने कवेमश्री को सराहा
पीएम मोदी ने मन की बात में उनके कला चेतना मंच के बारे में कहा था,'ये मंच आज कर्नाटक के और देश-विदेश के कलाकारों के कई कार्यक्रम आयोजित करता है। इसमें लोकल आर्ट और कल्चर को प्रमोट करने के लिए कई इनोवेटिव काम भी होते हैं.....'
'मन की बात' कार्यक्रम की खासियत यह है कि इसके 100वें एपिसोड का प्रसारण होने जा रहा है, लेकिन पूरी तरह राजनीतिक शख्सियत होने के बावजूद पीएम मोदी ने इसे राजनीति से पूरी तरह से दूर रखा है।












Click it and Unblock the Notifications