Manipur में सुरक्षाबलों और कूकी समुदाय के बीच मुठभेड़, फायरिंग से गिरफ्तारी तक कैसे सुलगा मामला?
Manipur Violence Update: मणिपुर के चुराचांदपुर और बिष्णुपुर जिलों में पिछले 48 घंटों से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को रक्षा अधिकारियों ने जानकारी दी कि सुरक्षाबलों ने संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और 4 किलोग्राम वजन का एक शक्तिशाली आईईडी (IED) बरामद किया है।
यह कार्रवाई बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ अवांग लीकाई में सुरक्षाबलों पर हुए हमले के जवाब में किए गए तलाशी अभियान के दौरान हुई।

फिलहाल, एहतियात के तौर पर कुकी-ज़ो काउंसिल के अध्यक्ष हेनलियानथांग थांगलेट के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Churachandpur में कैसे हुई मुठभेड़?
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार, 25 मार्च की देर रात करीब 11:40 बजे की है, जब संदिग्ध कूकी उग्रवादियों ने बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ अवांग लैकाई स्थित सुरक्षा बलों के कैंप को निशाना बनाकर गोलीबारी की। उग्रवादी चुराचांदपुर जिले के फौलजंग/गोथोल और आसपास के इलाकों से फायरिंग कर रहे थे। कुछ गोलियां सुरक्षा बलों के कैंप के पास गिरीं, जिसके बाद जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। करीब 30 मिनट तक दोनों ओर से गोलीबारी चली, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सर्च ऑपरेशन में क्या-क्या मिला?
मुठभेड़ के बाद गुरुवार को संयुक्त सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर के एस नाबिल, लोइलामकोट और आसपास के पहाड़ी इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों को 4 किलो का IED, एक प्लास्टिक एक्सप्लोसिव (PEK) बार, चार अन्य विस्फोटक, दो सिंगल बैरल राइफल और 12 बोर के कारतूस बरामद हुए। अधिकारियों का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल बड़े हमले के लिए किया जा सकता था।
इसी दिन चुराचांदपुर में एक अन्य घटना भी सामने आई जहां गुस्साई भीड़ ने सुरक्षा बलों के इस्तेमाल में आने वाली एक टाटा विंगर गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया। यह घटना तुइबोंग बाजार में हुई जहां प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव भी हुआ। इस दौरान कई सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए और सुरक्षा बलों के कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
KNF का सक्रिय उग्रवादी गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद
इस मामले में पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 27 अन्य को हिरासत में लिया गया है। सभी पर हिंसा, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। इसी दौरान पुलिस ने कुकी नेशनल फ्रंट (KNF) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान के. सालबुंग गांव निवासी 34 वर्षीय जम्तिनलेन हाओकिप के रूप में हुई है । उसके पास से एक 9mm पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई है।
घटना के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें एक प्रदर्शनकारी तुइबोंग में सुरक्षाबलों पर पिस्तौल तानकर चिल्लाता हुआ दिख रहा है। पुलिस ने पुष्टि की है कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को सुरक्षाबलों ने पकड़ लिया है। उसी वीडियो में बाद में उसे सुरक्षा बलों द्वारा पकड़ा जाता हुआ भी देखा जा सकता है।
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इन घटनाओं के बाद चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खासतौर पर कूकी-जो काउंसिल के चेयरमैन के आवास के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मणिपुर में लगातार बढ़ती हिंसा और उग्रवादी गतिविधियों के बीच सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। हालांकि, हालात अभी भी संवेदनशील बने हुए हैं और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।












Click it and Unblock the Notifications