मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह पर भड़के कुमार विश्वास, बोले- कुर्सी है तुम्हारा जनाजा नहीं, उतर क्यों नहीं जाते
Manipur Violence: मणिपुर में जिस तरह से दो महिलाओं को नग्न करके उन्हें परेड कराने का वीडियो सामने आया है उसको लेकर भारी हंगामा हो रहा है। आज से शुरू हो रहे मानसून सत्र में भी इस मसले को लेकर भारी हंगामा होने के आसार हैं। इस बीच कुमार विश्वास ने मणिपुर के मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला है।
कुमार विश्वास ने ट्वीट करके मणिपुर के मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि कुर्सी है तुम्हारा ये जनाजा तो नहीं है। कुछ कर नहीं सकते तो उतर क्यों नहीं जाते। कुमार विश्वास ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को इस ट्वीट में टैग किया है।

इससे पहले एक और ट्वीट करके कुमार विश्वास ने लिखा, मणिपुर देश के मनहर पूर्वोत्तर का प्यारा प्रदेश है। अगर वहाँ भारत की किसी बेटी को सरेआम निर्वसन सड़क पर घुमाया जा रहा है तो यह हमारे समाज, समय और सरकारों, सब की सामूहिक चिंता का विषय होना ही चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री व देश के गृहमंत्री जी से अपेक्षा कि वे इन पिशाचों को ऐसा सबक़ सिखाएँ जो उदाहरण बने।
फ़्रांस की हालातों पर तपसरा करने वाले पक्षकारों से यूँ तो आशा कम है पर फिर भी अनुरोध है कि अपनी ज़िम्मेदारी निभाएँ। याद रहे भरी सभा में बेटियों के चीरहरण को चुपचाप देखने वाले चाहे राजनीति के भीष्म हों या ज्ञान के द्रोणाचार्य अंततः पतन न अपयश के भागी बनते ही हैं। मन रो रहा है, आत्मा घायल है। जातीय वैमनस्य की आग में जलते-जलते ये हम कहाँ आ पहुँचे हैं।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर में महिलाओं के साथ हुए बर्ताव को खुलकर बात की है। मानसून सत्र से पहले संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा मेरा हृदय पीड़ा से भरा हुआ है, क्रोध से भरा हुआ है, मणिपुर की जो घटना सामने आई है, किसी भी सभ्य समाज के लिए यह शर्मसार करने वाली घटना है।
पीएम ने कहा पाप करने वाले, गुनाह करने वाले, कितने हैं, कौन हैं, वो अपनी जगह पर है, लेकिन बेइज्जती पूरे देश की हो रही है, 140 करोड़ देशवासियों को शर्मसार होना पड़ रहा है। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वह अपने राज्य में कानून व्यवस्था को और मजबूत करें।
खासतौर पर महिलाओं और बहनों की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाएं। घटना राजस्थान, छत्तीसगढ़ या मणिपुर किसी भी राज्य का हो, राजनीतिक वाद विवाद से ऊपर उठकर कानून का राज होना चाहिए। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि किसी भी गुनाहगार को बख्शा नहीं जाएगा। मणिपुर में बेटियों के साथ जो हुआ है उसे कभी भी माफ नहीं किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications