Mani Shankar Aiyar ने पहलगाम हमले पर ऐसा क्या कह दिया जिससे सोशल मीडिया पर मचा बवाल
Mani Shankar Aiyar on Pahlgam Attack: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान पहलगाम आतंकी हमले को भारत के विभाजन के 'अनसुलझे प्रश्नों' से जोड़ते हुए कहा कि भारत के लोग आज भी बंटवारे के परिणामों को भुगत रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अय्यर ने कहा कि यह घटना हमें याद दिलाती है कि विभाजन के घाव अब भी हरे हैं।

बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम के पास आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी। हमले के चश्मदीदों के अनुसार, आतंकवादियों ने विशेष रूप से गैर-मुस्लिमों को निशाना बनाया था। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है।
Mani Shankar Aiyar ने पहलगाम हमले पर क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बर्बर हमले के अपराधियों और उनके मददगारों को सजा दिलाने का संकल्प लिया है। इसी बीच मणिशंकर अय्यर ने इस हमले पर कहा कि "मुझे लगता है कि कई लोग बंटवारे को रोकने के प्रयास में लगे थे, लेकिन अंततः विभाजन हुआ। इसका कारण था हमारे देश की राष्ट्र की परिकल्पना और सभ्यता की धरोहर को लेकर गांधीजी, नेहरूजी और जिन्ना जैसे नेताओं के बीच मूल्य प्रणाली और दृष्टिकोण में मूलभूत भिन्नता। जिन्ना के अलावा भी कई मुस्लिम नेता थे, जो उनके विचारों से सहमत नहीं थे।"
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन सच यह है कि विभाजन हो गया, और आज भी हम उसके दुष्परिणामों को झेल रहे हैं। क्या हमें इसी तरह से जीना चाहिए? क्या 22 अप्रैल को पहलगाम के पास जो त्रासदी घटी, वह बंटवारे के अनसुलझे प्रश्नों का प्रतिबिंब नहीं है?"
Mani Shankar Aiyar के बयान पर BJP का पलटवार
कांग्रेस नेता के इस बयान के बाद हर तरफ उनकी कड़ी आलोचना हो रही है। इस पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने मणिशंकर अय्यर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस PPP यानी 'पाकिस्तान परस्त पार्टी' बन चुकी है।
मणिशंकर अय्यर आखिर क्या बोलना चाहते हैं? नेहरू और जिन्ना ने विभाजन करवाया तो क्या नेहरू विभाजन के लिए जिम्मेदार थे? जब भी पाकिस्तान आतंकी हमले करता है कांग्रेस पार्टी उनके लिए 'डिफेंस मैकेनिज्म' बन जाती है। यह सारे शब्द राहुल गांधी के हैं जो अय्यर और रॉबर्ट वाड्रा से बुलवाया जा रहा है।
Mani Shankar Aiyar के बयान पर सोशल मीडिया रिएक्शन
इतना ही नहीं मणिशंकर अय्यर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा देखने को मिला। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मिश्रा नाम के एक यूजर ने लिखा, "मणिशंकर अय्यर भारत पाक बंटवारे को गलत बता रहे , मनीष तिवारी अखंड भारत की मांग कर रहे, शशि थरूर इस्लामिक आतंकवाद कह रहे हैं! राहुल कांग्रेस से ये लोग लगभग निकाले जा चुके हैं, वहां इनका कोई वश नहीं है ! फिर भी क्या मान कर चलें कि सोनिया गांधी के निधन के बाद कांग्रेस बंटेगी?"
वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि "कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर: पहलगाम त्रासदी 'विभाजन के अनसुलझे सवालों' को दर्शाती है।"
बता दें कि इस हमले ने एक बार फिर से देश में गुस्से की लहर पैदा कर दी है। आम जनता से लेकर सभी राजनीतिक दलों ने हमले की कड़ी निंदा की है और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। देश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की मांग जोर पकड़ रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की यह सख्त नीति लंबे समय तक चलेगी और कूटनीतिक तथा आर्थिक मोर्चे पर भी दबाव बढ़ाया जाएगा। इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications