पीएम मोदी को हटाने के लिए पाकिस्तान की मदद मांग रहे हैं कांग्रेस नेता मणिशंकर!
नई दिल्ली। पेरिस आतंकी हमले के बाद अपने नेता मणिशंकर अय्यर के बयाने से भले ही कांग्रेस ने पल्ला झाड़ लिया हो लेकिन अब अय्यर का जो बयान आया है उसके बाद तो पार्टी का सिर शर्म से झुक जाना चाहिए।

अय्यर ने एक बार फिर से विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अगर पाक को बातचीत को आगे बढ़ाना है तो उसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी का सत्ता से हटना काफी जरूरी है।
क्या कहा है अय्यर ने
पाक के 'दुनिया टीवी' को दिए इंटरव्यू में अय्यर ने कहा है, ' भारत-पाकिस्तान के रिश्तों में बेहतरी के लिए सबसे पहले जिन तीनों चीजों को करना जरूरी है, उनमें सबसे पहला काम है कि मोदी को हटाओ। वर्ना बातचीत आगे नहीं बढ़ेगी।' बताया जा रहा है कि उन्होंने इंटरव्यू के दौरान कहा है, 'इनको हटाइए हमें ले आइए।'
अय्यर के ऐसा कहने पर एंकर मोईद पीरजादा ने उनसे पूछा, 'आप यह बात किससे कह रहे हैं, क्या आप आईएसआईएस से मोदी को हटाने के लिए कह रहे हैं?'
अय्यर ने जवाब दिया, 'नहीं, नहीं। हमें इसके लिए चार साल इंतजार करना पड़ेगा। ये लोग मोदी के प्रति बहुत आशावादी हैं। उन्हें लगता है कि मोदी की उपस्थिति से दोनों मुल्कों में बातचीत आगे बढ़ेगी, लेकिन मैं ऐसा नहीं सोचता।' यह इंटरव्यू छह नवंबर को टेलीकास्ट हुआ था।
पीएम के चाय वाला होने पर की थी टिप्पणी
आपको बता दें कि कांग्रेस के नेता मणिशंकर अय्यर ने ही जनवरी 2014 में कांग्रेस के अधिवेशन के दौरान पीएम मोदी के चायवाला होने पर टिप्पणी की थी। उन्होंने उस समय कहा था, 'मोदी कभी पीएम नहीं बन सकते हैं। लेकिन अगर वह चाहें तो यहां पर आकर अपनी चाय बेच सकते हैं।' अय्यर के उस बयान पर भी काफी विवाद हुआ था।
पेरिस आतंकी हमले पर बयान
इससे पहले अय्यर ने पेरिस आतंकी हमले पर भी विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि फ्रांस को आज अगर यह दिन देखना पड़ा है तो उसकी वजह है हिजाब पर बैन।
अय्यर के पेरिस आतंकी हमले पर दिए गए बयान से कांग्रेस ने खुद को अलग कर लिया है। कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने सफाई देते हुए कहा कि मणिशंकर अय्यर ने जो कहा है वह उनका निजी विचार है, ना कि पार्टी का।












Click it and Unblock the Notifications