सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करके नीतीश कुमार की हत्या के लिए 25 लाख का इनाम घोषित किया, गिरफ्तार
नई दिल्ली। बिहार के सासाराम के एक व्यक्ति ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हत्या करने वाले को इनाम देने का ऐलान किया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पंजाब पुलिस ने लुधियाना से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमे उसने ऐलान किया था कि जो भी बिहार के मुख्यमंत्री की हत्या करेगा, उसे वह नगद इनाम देगा। जिसके बाद पुलिस इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
जब इस मामले को पुलिस के संज्ञान में लाया गया तो पुलिस अधिकारी सियाराम सिंह ने इस मामले में शिकायत दर्ज की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र कुमार पांडे जोकि तोड़ा गांव का है उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी कहता है कि जो भी नीतीश कुमार की हत्या करेगा उसे वह 25 लाख रुपए का नगद इनाम देगा। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी का मोबाइल नंबर सत्यापित किया और उसके बारे में अन्य जानकारी बटोरी। आरोपी व्यक्ति ने वीडियो में ही अपना फोन नंबर और अपने बारे में अन्य जानकारी दी थी। जिसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन को ट्रेस किया और यह लुधियाना का मिला।
आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है और जिला मुख्यालय को इसकी जानकारी दे दी गई है। रोहतास के एसपी सत्यवीर सिंह ने बताया कि आरोपी व्यक्ति की मानसिक स्थिति सही नहीं है और उसका दिमाग भी स्थिर नहीं है। आरोपी व्यक्ति बिहार के सासाराम जिले के रोहतास गांव का रहने वाला है।