टीवी सीरियल देखकर रची पत्नी की हत्या की साजिश, कोबरा सांप को रखा था अलमारी में
Recommended Video
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां व्यक्ति ने अपनी पत्नी की तकिया से दम घोटकर हत्या कर दी और खुद को बचाने के लिए शव के पास सांप रख दिया ताकि लोगों को लगे कि महिला की मौत सांप के काटने से हुई है। लेकिन इस पूरे षड़यंत्र का खुलासा तब हुआ जब महिला के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, जिसमे इस बात की तस्दीक हुई की महिला की मौत दम घुटने से हुई है।

हत्या के बाद सांप के दांत गड़ाए
पुलिस ने बताया कि हमे जानकारी मिली कि अमितेश पटेरिया की पत्नी को सांप ने काट लिया है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी। महिला की मौत के बाद जब उसका पोस्टामर्टम हुआ तो उसमे साफ हुआ कि महिला की मौत सांप के काटने से नहीं बल्कि दम घुटने से हुई है और महिला की मौत के बाद उसके शरीर में सांप के दांत गड़ाए गए थे।

11 दिन सांप को रखा अलमारी में
पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि अमितेश की अपनी पत्नी से अक्सर लड़ाई होती रहती थी। शिवानी की हत्या की साजिश में अमितेश के साथ उसके पिता ओमप्रकाश पटेरिया और बहन रिचा चतुर्वेदी भी शामिल थी। योजना के अनुसार आरोपी राजस्थान से 5000 रुपए का ब्लैक डेजट कोबरा खरीदकर लाया था और 11 दिनों तक इसे अलमारी में छिपाए रखा। 1 दिसंबर को जब अमितेश ने अपने बच्चे को दादा के साथ घूमने के लिए भेज दिया उसके बाद उसने अपनी पत्नी का तकिया से दम घोट दिया और फिर सांप को मारकर उसके दांत शिवानी के हाथ में गड़ा दिया।

करने लगा नाटक
इस पूरी योजना को अंजाम देने के बाद आरोपी शोर मचाने लगा कि उसकी पत्नी को सांप ने काट लिया। जब पड़ोसी शोर सुनकर पहुंचे तो उसने लोगों को यह दिखाने की कोशिश की कि सांप अभी जिंदा है और उसने सांप पर हमला करना करना शुरू कर दिया। जिसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचा और डॉक्टर को बताया कि उसकी पत्नी की सांप काटने से मौत हो गई है। लेकिन पोस्टमार्टम के बाद असलियत का खुलासा हुआ और अमितेश, उसके पिता और बहन को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही आरोपी के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications