बंगाल में ममता और अभिषेक का BJP पर तीखा हमला, दीदी बोलीं- जब तक जिंदा हूं, किसी हक नहीं छीनने दूंगी
Mamata Banerjee: कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के स्थापना दिवस और छात्र शाखा की रैली के मंच से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। ममता ने दावा किया कि भाजपा पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश कर रही है। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि हर नागरिक को यह जांचना चाहिए कि उसका नाम अभी भी वोटर लिस्ट में है या नहीं।
ममता ने चेतावनी दी कि भाजपा की करीब 500 सदस्यों वाली टीम राज्य में घर-घर जाकर दस्तावेज इकट्ठा कर रही है ताकि लोगों को मताधिकार से वंचित किया जा सके। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड को एक अनिवार्य पहचान पत्र के रूप में रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि यही आपके मताधिकार की गारंटी है।

इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आयोग राज्य सरकार के अधिकारियों को धमका रहा है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाता है। ममता ने कहा कि आयोग राज्य सरकार के अधिकारियों को धमका रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का अधिकार क्षेत्र सिर्फ चुनाव के तीन महीने तक होता है, पूरे साल नहीं। लेकिन आज अधिकारी डराए जा रहे हैं।
बंगालियों की ऐतिहासिक भूमिका भुलाने की कोशिश - ममता
भाषा और इतिहास पर बोलते हुए ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा बंगालियों की भूमिका को भुलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, "अगर बंगाली भाषा नहीं होती, तो राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत किस भाषा में लिखे गए हैं? स्वतंत्रता आंदोलन में बंगालियों की ऐतिहासिक भूमिका को भुलाने का प्रयास किया जा रहा है। हम इस भाषाई आतंक को सहन नहीं करेंगे।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब देते हुए ममता ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 'लक्ष्मी भंडार' जैसी योजनाओं से महिलाओं को सशक्त किया है, जबकि भाजपा के पास सिर्फ 'भ्रष्टाचार भंडार' और भाई-भतीजावाद है। "हम समाज कल्याण के लिए काम करते हैं, वे देश को लूटने में लगे हैं," उन्होंने कहा।
अभिषेक बनर्जी का चुनौती भरा बयान
इस मौके पर पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी भाजपा को कड़ी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ सब खड़े हैं - भाजपा, ईडी, सीबीआई, ईसी, मीडिया, लेकिन हमारे साथ 10 करोड़ बंगाली जनता खड़ी है। चाहे जितनी ताकत लगा लें, हम हर बार और मजबूत होकर जीतेंगे।
अभिषेक ने आंकड़े गिनाते हुए कहा कि 2011 में TMC को 184 सीटें मिलीं, 2016 में 211 और 2021 में 215। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि वह 50 से ज्यादा सीटें जीतकर दिखाए। उन्होंने कहा, "हम विनाश की राजनीति नहीं करते, बल्कि कल्याण की राजनीति करते हैं। बंगाल की जनता के साथ खड़े रहेंगे,"।












Click it and Unblock the Notifications