कोलकाता रैली की ये तस्वीर हुई वायरल, ममता बनर्जी ने खुद परोसा मेहमानों को खाना
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी के खिलाफ तमाम विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया था और कोलकाता में एक रैली का आयोजन किया था, जिसमें कई राजनीतिक दलों के मुखिया शामिल हुए थे। इसी रैली के बाद सभी विपक्षी दलों के मुखियाओं की एक बैठक हुई थी। गैर-बीजेपी दलों की इस मीटिंग से जुड़ी एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें ममता बनर्जी राजनेताओं को खाना परोसती नजर आ रही हैं। ये तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर शेयर की जा रही है।

नेताओं को खाना परोसती नजर आईं ममता बनर्जी
दरअसल, आगामी लोकसभा चुनावों से पहले बीजेपी के खिलाफ सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने की कोशिश हो रही है। शनिवार को इसकी पहल करते हुए ममता बनर्जी ने कोलकाता में बड़ी रैली आयोजित की थी। इस रैली में पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) के प्रमुख एचडी देवगौड़ा, उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार और अरुणाचल प्रदेश के पूर्व सीएम गेगांग अपांग शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे थे।

एक स्वर में 'मोदी-हटाओ' के लगे नारे
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, कर्नाटक के सीएम एचडी कुमारस्वामी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और लोकसभा में विपक्ष के नेता, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस रैली में शामिल हुए थे। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकतांत्रिक जनता दल (LJD) प्रमुख शरद यादव और तमिलनाडु के DMK के अध्यक्ष एम के स्टालिन भी इस रैली में शामिल हुए थे।

बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी थे मंच पर
झारखंड के मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, वरिष्ठ बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा, भाजपा के पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी, राम जेठमलानी और बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी शनिवार की इस रैली में भाजपा पर हमला बोला था। कोलकाता की महारैली में विपक्षी दलों के नेताओं के साथ मंच पर मौजूद पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर हमला बोला था। ममता बनर्जी ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में कई घोटाले हुए। उन्होंने राफेल डील के मुद्दे पर पीएम मोदी पर आरोप लगाए।

केजरीवाल-अखिलेश-ममता ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
ममता बनर्जी ने कहा कि अगर कोई बीजेपी के साथ है तो वो उनके लिए अच्छा है, लेकिन अगर कोई उनसे सहमत नहीं है तो उसे गलत ठहराया जाता है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से कोलकाता में बुलाई गई विपक्ष की रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 70 साल में जो काम पाकिस्तान नहीं कर पाया वो मोदी और शाह की जोड़ी ने कर दिया। इस जोड़ी ने हिन्दू और मुसलमान को लड़ा दिया, भाई को भाई को भाई से लड़ा दिया।












Click it and Unblock the Notifications