वसुंधरा राजे की हार के बाद ममता बनर्जी देश में अकेली महिला मुख्यमंत्री
Recommended Video

नई दिल्ली। राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार और वसुंधरा राजे के इस्तीफे के बाद भारत में अब सिर्फ एक राज्य की मुख्यमंत्री महिला हैं। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ही इस समय देश में अकेली महिला मुख्यमंत्री हैं। इस साल की शुरुआत में ममता के अलावा, राजस्थान में वसुंधरा और जम्मू कश्मीर में महबूबा सीएम थीं लेकिन कश्मीर में पीडीपी-भाजपा की सरकार गिरने और राजस्थान में वसुंधरा की हार के बाद अब एक ही राज्य में महिला मुख्यमंत्री हैं।

29 राज्यों में एक महिला सीएम
भारत के 29 राज्यों अब सिर्फ पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री है। पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। ममता बनर्जी मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ पार्टी की अध्यक्ष भी हैं। बनर्जी 2011 से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और राज्य की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनी हुई हैं। ममता बनर्जी केंद्र में मंत्री भी रह चुकी हैं। वो देश की पहली महिला रेलमंत्री रही हैं।

2016 में अलग थी तस्वीर
दो साल पहले देश में पांच राज्यों में महिला मुख्यमंत्री थीं। 2016 में कुछ समय के लिए देश में पांच महिला सीएम थीं। इनमें जम्मू कश्मीर में महबूबा मुफ्ती, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी, राजस्थान में वसुंधरा राजे, गुजरात में आनंदीबन पटेल और तमिलनाडु में जयललिता मुख्यमंत्री थीं।

हालिया विधानसभा चुनाव में बदली है चार राज्यों की सत्ता
हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चनावों में चार राज्यों में सत्ता परिवर्तन हुआ है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा को हराकर कांग्रेस ने सरकार बनाई है। वहीं मिजोरम में कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर एमएनएफ ने सरकार बनाई है। वहीं तेलंगाना में टीआरएस ने फिर से सत्ता में वापसी की हैं।












Click it and Unblock the Notifications