'मोदी क्या,मोदी का बाप भी जाएगा',खड़गे ने क्यों कहा ऐसा? 'मोदी नहीं जाएंगे' कहने वाले शख्स की भी पिटाई!
बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक बयान से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पटना के बापू सभागार में रविवार (25 अक्तूबर) को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान खड़गे केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोल रहे थे।
इसी बीच भीड़ से एक शख्स ने टोकते हुए कहा कि मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं और जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, सरकार नहीं हटेगी। इस बात पर भड़के मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंच से दो-तीन बार दोहरा दिया कि "मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा।" इस तीखे बयान के बाद वहां मौजूद लोगों ने उस शख्स की जमकर पिटाई कर दी।

आखिर खड़गे ने 'मोदी का बाप भी जाएगा' क्यों कहा?
कार्यक्रम में खड़गे प्रधानमंत्री मोदी के जेल जाने की बात कह रहे थे। तभी भीड़ में मौजूद संतोष कुमार ने कथित तौर पर कहा कि मोदी नहीं जाएंगे। इस पर खड़गे ने पलटकर जवाब दिया, "मोदी का बाप भी जाएगा"। इसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने संतोष कुमार को घेर लिया, जमीन पर गिराया और उनकी पिटाई कर दी।
हालांकि संतोष कुमार ने बाद में सफाई दी कि उनकी बात को गलत समझा गया। उनका कहना था कि वह कह रहे थे कि विद्रोह के बिना मोदी नहीं जाएंगे। उनके मुताबिक, वह यह कहना चाह रहे थे कि विद्रोह नहीं होगा तो मोदी जेल नहीं जाएंगे, लेकिन उनकी अधूरी बात सुनकर गलतफहमी हो गई।
शख्स की सफाई- मेरी बात को गलत समझ लिया गया
हंगामे के बाद जिस शख्स की पिटाई की गई थी, उसका नाम संतोष कुमार सामने आया। बाहर आने के बाद संतोष कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला गया था।
उनका कहना था कि वे असल में यह कह रहे थे कि जब तक देश में बड़ा विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सत्ता से नहीं जाएंगे। लेकिन भीड़ ने उनकी बात का सिर्फ आधा हिस्सा सुना और गलतफहमी के चलते उन पर हमला कर दिया। संतोष कुमार के मुताबिक वे खुद चाहते हैं कि बदलाव हो, लेकिन आधी बात सुने जाने के कारण यह पूरा विवाद खड़ा हो गया।
बीजेपी का तीखा हमला- कांग्रेस पार्टी अब माफिया गैंग बन चुकी है
इस घटना और बयान के वायरल होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) हमलावर हो गई। बीजेपी प्रवक्ता तुहिन ए. सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी की तरफ से कहा गया कि कभी जिस भाषा का इस्तेमाल गुंडे-मवालियों द्वारा किया जाता था, आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उसी भाषा का खुलकर प्रयोग कर रहे हैं।
भाजपा ने एक्स पोस्ट में कहा,
''कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है। वैसे, खड़गे जी के बयान वाले ख़्वाब को पूरा करने के लिए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्षा ने दस साल तक हर पैंतरा चला, लेकिन कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई। आज उनका बेटा इसी ख़्वाब को पूरा करने के लिए कभी वियतनाम, तो कभी कोलंबिया के बीच दर-दर भटक रहा है। देश की जनता आपका यह ख़्वाब कभी पूरा नहीं होने देगी!''
मोदी की मां पर टिप्पणी का विवाद भी आया चर्चा में
बिहार में प्रधानमंत्री मोदी के परिवार को लेकर विवाद पहले भी हो चुका है। 27 अगस्त 2025 को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मोदी की मां को लेकर अपशब्द कहे जाने का मामला सामने आया था। इसके विरोध में बिहार बंद और प्रदर्शन हुए थे। पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई थी।
नीतीश कुमार और RSS पर भी जमकर बरसे खड़गे
सभा को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कभी सोशलिस्ट विचारधारा लेकर आगे बढ़ने वाले नीतीश कुमार आज बीजेपी और आरएसएस की गोद में जाकर बैठ गए हैं।
खड़गे ने आरोप लगाया कि जब इंसान कमजोर होता है, तो उसका अपनी विचारधारा से विश्वास उठ जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक देश से आरएसएस की विचारधारा खत्म नहीं होगी, तब तक समाज में शांति बहाल नहीं हो सकती क्योंकि शांति भंग करने वाले लोग वहीं से आते हैं।
चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अपने भाषण के दौरान खड़गे ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त की चयन समिति से चीफ जस्टिस को बाहर करके मोदी सरकार ने मंत्रियों को शामिल कर लिया है, जिससे सरकार और आयोग के बीच बड़ी सांठ-गांठ साफ दिखाई देती है।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर कई बार गंभीर सवाल उठाए हैं और बिहार की सरकार को 'चोरों की सरकार' करार दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
