मल्लिकार्जुन खड़गे ने फिर किया लोकपाल चयन समिति की बैठक का बहिष्कार, पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने लोकपाल चयन समिति की बैठक में शामिल होने से एकबार फिर इनकार कर दिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा है, विशेष आमंत्रित व्यक्ति के पास लोकपाल चयन समिति का हिस्सा होने या इसकी बैठक में शामिल होने की प्रक्रिया नहीं है। पहले भी खड़गे लोकपाल चयन समिति की बैठक का बहिष्कार कर चुके हैं।

खड़गे ने आरोप लगाया कि साल 2014 में सत्ता में आने के बाद से मोदी सरकार ने लोकपाल कानून में ऐसा संशोधन करने का कोई प्रयास नहीं किया जिससे विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी का नेता चयन समिति के सदस्य के तौर पर लोकपाल चयन समिति की बैठक में शामिल हो सके।
इसके पहले भी मल्लिकार्जुन खड़गे लोकपाल चयन समिति की बैठक में शामिल होने से इनकार करते रहे हैं। उस वक्त भी उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखा था जिसमें कहा गया था कि वे 'विशेष आमंत्रित सदस्य' के तौर पर लोकपाल चयन समिति की बैठक में शामिल नहीं हो सकते जबतक उन्हें सदस्य नियुक्त नहीं किया जाता है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि पहले भी कई लिखे पत्रों के बावजूद उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया जा रहा है। ऐसा लगता है कि सरकार ये दिखाना चाहती है कि विपक्ष लोकपाल अधिनियम के क्रियान्वयन में सहयोग नहीं कर रहा है।
पहले के पीएम मोदी को लिखे पत्रों में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था, आपका ध्यान इस ओर आकर्षित करना चाहता हूं कि संसद की प्रवर समिति ने कहा था कि लोकपाल अधिनियम में संशोधन किया जाए ताकि सबसे बड़े विपक्षी दल का नेता बतौर सदस्य चयन समिति की बैठक में भाग ले सके। लेकिन फिर भी इसमें बदलाव नहीं किया गया, लिहाजा वे इस बैठक में शामिल नहीं होंगे।












Click it and Unblock the Notifications