तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में बड़ा टनल हादसा, 6 से 8 मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Telangana News: तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में एक बड़ा टनल हादसा हुआ है। यहां श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर (SLBC) के निर्माणाधीन हिस्से में एक टनल का हिस्सा ढह गया, जिसके बाद 6 से 8 मजदूर मलबे में फंस गए हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है, और फिलहाल यह पुष्टि की जा रही है कि फंसे मजदूरों की संख्या छह है या फिर आठ।
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार को हुआ था, जब निर्माण कंपनी की टीम आकलन के लिए सुरंग के अंदर गई हुई थी और इसी दौरान नहर की छत का एक हिस्सा ढह गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस घटना के बारे में बताया कि कंपनी की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक 6 से 8 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है, और मलबे में दबे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत कार्य जारी है।

सीएम ने राहत कार्य के लिए दिए निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस घटना पर चिंता जताई और अधिकारियों से तत्काल राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि इस हादसे में कुछ लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश पर राज्य के सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी, सिंचाई मामलों के सरकारी सलाहकार आदित्यनाथ दास और अन्य सिंचाई अधिकारी विशेष हेलिकॉप्टर से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने जताई चिंता
केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने इस हादसे पर चिंता जताते हुए अधिकारियों से घटनास्थल पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उनके कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि मंत्री जी किशन रेड्डी ने अधिकारियों से फंसे हुए श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने और घायलों को उचित इलाज देने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications