सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पूर्व गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने किया बड़ा दावा
नई दिल्ली। भारतीय सेना की ओर से एलओसी पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक पूरी दुनिया की नजर में है। पाकिस्तान इसे शुरुआत से नकार रहा है तो वहीं देश के भीतर भी लोग अब इस पर सवाल उठा रहे हैं। इस सब के बीच पूर्व गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने दावा किया है कि जनवरी 2013 में यूपीए शासन के दौरान कई बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया जा चुका है।

पी. चिदंबरम ने कहा कि यूपीए सरकार ने रणनीतिक आधार पर तब सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर खुलासा नहीं किया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जिस तरह सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी सार्वजनिक की है वह जल्दबाजी में उठाया गया कदम है।
'सरकार को इसके असर पर सोचना चाहिए'
कांग्रेस नेता ने कहा, 'कोई भी फैसला सार्वजनिक करने से पहले हमें उसके असर के बारे में सोचना चाहिए। हमें ऐसे कदम उठाने चाहिए जिससे सीमा पार से आतंक खत्म हो और पाकिस्तान बेनकाब हो।'
'असलियत का पता चलेगा'
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ की गई सर्जिकल स्ट्राइक को ऐतिहासिक बताना गलत है और यह जल्दबाजी है। उन्होंने कहा, 'सरकार अपनी तरफ से दावा कर रही है, लेकिन हम इसके बारे में कुछ समय बाद असलियत जानेंगे। सरकार को अपने इस फैसले के बारे में भी बताना होगा।'












Click it and Unblock the Notifications