ओडिशा में चावल मिल की दीवार गिरी, 4 की मौत, 5 घायल
नई दिल्ली। ओडिशा के ढेंकनाल में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब अससुआ बाजार स्थित चावल मिल की दीवार गिर गई थी। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका इलाज चल रहा है। वहीं इमारत में दबे लोगों को बचाने का कार्य चल रहा है।
बता दें कि कि ढेंकनाल शहर के बाहरी इलाके में अससुआ बाजार में यह चावल मिल थी, जहां पर मिल की एक दीवार अचानक से गिर गई। इस दीवार के नीचे तकरीबन 10 लोग दब गए। जिसमे से चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पांच लोग बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें अस्पातल में भर्ती कराया गया है। एक व्यक्ति को मामूली चोट आई है। जानकारी के अनुसार हादसे में मरने वालों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं। मृतकों की पहचान राम चंद्र साहू, अभिमन्यु, टीना बेहरा और संग्राम हैं। ये सभी लोग सब्जी बेचने का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार हर रविवार को यहां पर साप्ताहिक बाजार लगती है, इसी बाजार में सब्जी वाले अपनी सब्जी बेचने के लिए आते हैं। यहां बनी चावल मिल की दीवार के पास ही ये सब्जी वाले अपनी सब्जी बेचते हैं। तभी अचानक से मिल की एक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से इन लोगों की जान चली गई। घटना के तुरंत बाद हादसे की जानकारी मिलते ही ओडीआरएएफ और फायर सर्विसेज के तमाम जवान मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलो को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसे भी पढ़ें- बहू लगाती है सब्जी में प्याज का तड़का, सास शिकायत लेकर पहुंची थाने