बारिश की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त स्पाइसजेट का विमान रनवे पर फिसला
मुंबई। भारी बारिश की वजह से मुंबई के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के बीच सोमवार को छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया। यहां सोमवार को रात में लैंडिंग करते वक्त स्पाइसजेट का विमान रनवे पर फिसल गया, जिसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा है। यह विमान बोइंग 737-800 है जोकि जयपुर से मुंबई आ रहा था

हादसे के बाद यात्रियों ने विमान के भीतर एक तस्वीर भी क्लिक की है, जिसमे देखा जा सकता है कि विमान के भीतर बने पीले ऑक्सीजन के मास्क सीटों पर झूल रहे हैं। तमाम यात्री विमान से बाहर निकलने के लिए कतारबद्ध हैं। इस घटना के बाद तुरंत ही इस रनवे को बंद कर दिया गया साथ ही उड़ानों के संचालन के लिए दूसरे रनवे का इस्तेमाल किया जा रहा है। यही नहीं अधिकारियों ने बताया कि कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बेंगलुरू और अहमदाबाद हवाई अड्डे से रवाना किया जा सकता है।
बता दें कि पिछले दो दिनों से मुंबई में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। तमाम स्कूल ,कॉलेज और ऑफिस में आज सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यही नहीं दर्जनों ट्रेनों के संचालन को रोक दिया गया है, कई ट्रेनों के रूट में भी परिवर्तन किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि भारी बारिश को देखते हुए एहतियात बरतें।












Click it and Unblock the Notifications