Mahua Moitra भी थामेंगी BJP का दामन? ममता बनर्जी की फायर ब्रांड नेता के 'थैंक यू' पोस्ट से मची खलबली
Mahua Moitra Rajnath Singh Letter: पश्चिम बंगाल में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) एक बड़े बगावत से जूझ रही है। इसके बीच राज्य की सियासत में एक और बड़ा भूचाल आ गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बेहद करीबी और अपनी आक्रामक बयानबाजी के लिए जानी जाने वाली TMC सांसद महुआ मोइत्रा के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है।
महुआ मोइत्रा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सराहना की है। ऐसे में विपक्षी खेमों और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि क्या महुआ मोइत्रा भी अब ममता बनर्जी का साथ छोड़कर बगावती नेताओं की कतार में शामिल होने जा रही हैं?

महुआ मोइत्रा के 'थैंक यू' पोस्ट से क्यों मची खलबली?
दरअसल, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने आधिकारिक 'एक्स' (पहले ट्विटर) हैंडल पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा उन्हें लिखे गए एक आधिकारिक पत्र (Official Letter) की तस्वीर साझा की। इस पत्र में रक्षा मंत्री ने महुआ मोइत्रा द्वारा संसद में उठाए गए एक संवेदनशील मुद्दे की खुलकर सराहना की थी।
इस लेटर को शेयर करते हुए महुआ मोइत्रा ने लिखा-"राजनाथ सिंह जी, सशस्त्र बलों की विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स छूट जारी रखने के प्रति आपकी सहानुभूति के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। उम्मीद है कि वित्त मंत्रालय के अधिकारी भी वैसी ही सहानुभूति दिखाएंगे और इस आपत्तिजनक प्रस्ताव को कभी आगे नहीं बढ़ाएंगे। जय हिंद।"
एक तरफ जहां TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी लगातार केंद्र की मोदी सरकार पर पश्चिम बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार करने और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाकर मोर्चा खोले हुए हैं, वहीं उनकी सबसे मुखर सांसद द्वारा केंद्रीय रक्षा मंत्री की इस तरह तारीफ करने पर राजनीति का बाजार गर्म है।
राजनाथ सिंह ने अपने पत्र में महुआ को क्या जवाब दिया?
सांसद महुआ मोइत्रा को इस पत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में 'नियम 377' के तहत उठाए गए उनके मामले का हवाला दिया था। महुआ ने संसद में मांग की थी कि सेवा के दौरान घायल होने के बावजूद अपनी सेवानिवृत्ति (Retirement) तक देश की सेवा करने वाले सशस्त्र बलों के जवानों की विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स लगाने के फैसले की समीक्षा की जाए।
इस पर जवाब देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पत्र में स्पष्ट किया कि रक्षा बलों के कर्मियों को मिलने वाली विकलांगता पेंशन पर टैक्स छूट का मामला सीधे तौर पर वित्त मंत्रालय (Ministry of Finance) के अधिकार क्षेत्र में आता है। इस संवेदनशील मुद्दे और जवानों की चिंता को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा अधिसूचित वित्त अधिनियम 2026 (Finance Act 2026) के नोट 12 में एक विशेष प्रावधान किया गया है।
इसके तहत जब तक केंद्र सरकार इस संबंध में कोई नई आधिकारिक अधिसूचना (Notification) जारी नहीं करती, तब तक भारतीय सशस्त्र बलों के विकलांग अधिकारियों की पूरी विकलांगता पेंशन और सेवा वाला हिस्सा पूरी तरह से इनकम टैक्स से मुक्त (Tax-Free) रहेगा।
TMC में लगातार जारी है बगावत का दौर
पिछले कुछ समय से तृणमूल कांग्रेस के भीतर सांगठनिक स्तर पर असंतोष और बगावत की खबरें लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। पार्टी के कई कद्दावर नेता और जमीनी कार्यकर्ता नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं। ऐसे नाजुक वक्त में महुआ मोइत्रा का यह पोस्ट सामने आना केवल एक धन्यवाद संदेश नहीं माना जा रहा, बल्कि इसके गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
विपक्षी दलों का कहना है कि ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद सिपहसालारों का केंद्र सरकार के मंत्रियों के साथ इस तरह का सकारात्मक संवाद यह दिखाता है कि TMC के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। क्या महुआ मोइत्रा वाकई पाला बदलेंगी या यह सिर्फ एक सांसद द्वारा अपने क्षेत्र और उठाए गए मुद्दे पर मिली कामयाबी का औपचारिक आभार है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन फिलहाल इस पोस्ट ने बंगाल से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल तेज कर दी है।














Click it and Unblock the Notifications