संगीतकार बेनेट रिबेलो मर्डर केस: सूटकेस में बंद लाश के टुकड़े बरामद, जिसे माना था बेटी, उसी ने प्रेमी संग की हत्या
मुंबई। बीते 26 नवंबर को संगीतकार बेनेट रिबेलो की हत्या उनकी ही मुंहबोली बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी थी। घटना माहिम की है, जहां 2 दिसंबर को सूटकेस में अधकटी लाश मिली थी। हत्या की इस घटना की माहिम पुलिस और मुंबई क्राइम ब्रांच जांच कर रही थी। गुरुवार को क्राइम ब्रांच ने सूटकेस की लाश की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने बेनेट की हत्या करने के आरोप में आराध्या जितेंद्र पाटील उर्फ रिया बेनेट रिबेलो और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनकी निशांदेही पर आज बीकेसी एरिया के पास मीठी नदी से एक सूटकेस बरामद किया है जिसमें रिबेलो के शरीर के अन्य हिस्से बंद थे। आपको बता दें कि गिरफ्तारी के बाद जांच टीम को आराध्या के पास से एक नोटपैड मिला है। इसमें उसने लिखा है कि --'आई एम ए बैड गर्ल। जिसने मुझे पनाह ही, परवरिश की, मैंने उसी का कत्ल कर दिया।'
लाश के किए थे 8 टुकड़े
अब तक की छानबीन के अनुसार, 26 नवंबर को रिबेलो का कत्ल कर दिया गया था। 27 नवंबर को उसकी लाश के आठ टुकड़े किए गए। इसके लिए चार चाकू लाए गए। रिबेलो के किचन में इन चाकूओं को गैस चूल्हे से गर्म कर उसके शरीर के अलग-अलग हिस्से को काटा गया। कुछ हिस्सों को एक सूटकेस में रखा गया, जबकि बाकी को गोनी में रखा गया। बाद में मुंबई में इन्हें तीन अलग-अलग जगह फेंका गया। सूटकेस में रखे लाश के कुछ टुकड़े तो पुलिस को पिछले सप्ताह ही मिल गए थे, बाकी टुकड़ों को खबर लिखे जाने तक ढूंढा जा रहा था।