रेस्क्यू में शामिल जवानों को महिलाओं ने बांधी राखी, आर्मी ने शेयर किया इमोशनल VIDEO
मुंबई। महाराष्ट्र में मुसलाधार बारिश की वजह से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के लिए सेना और एनडीआरएफ की मदद लेनी पड़ी। बाढ़ राहत और बचाव के बाद भारतीय सेना के साथ महाराष्ट्र के सांगली में एक भावुक नजारा देखने को मिला। जहां सेना के जवानों को महिलाएं रक्षा बांधती और उनकी आरती उतारती हुई नजर आईं।
इंडियन आर्मी की अतिरिक्त सूचना महानिदेशालय ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है जिसमें सैकड़ों की संख्या में महिलाएं जवानों को रक्षा बांधती हुईं नजर आ रही हैं। वीडियो में आप देख सकते है कि रक्षा बधवाने के बाद जवान इन महिलाओं के पैर छुते हुए भी नजर आ रहे हैं। इस दौरान सभी जवानों की आरती भी उतारी गई और सभी को राखी बांधी गई। एडीजीपीआई ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि बाढ़ राहत और बचाव के बाद भारतीय सेना के साथ सांगली, महाराष्ट्र के कुछ भावुक क्षण। हमारे देशवासी हमारे प्रेरणा के स्रोत हैं।
बाढ़ राहत और बचाव के बाद #भारतीय सेना के साथ सांगली, महाराष्ट्र के कुछ भावुक क्षण। हमारे देशवासी हमारे प्रेरणा के स्रोत हैं। #IndianArmy#राष्ट्र #सर्वोपरि#IndianArmy pic.twitter.com/gK8TIXlvlf
— ADG PI - INDIAN ARMY (@adgpi) August 12, 2019
बता दें कि इससे पहले महाराष्ट्र के ही एक बच्चे का वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें बच्चा सेना के एक जवान को धन्यवाद कहता हुआ दिख रहा है। इमोशनल कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वारयल हुए 11 सेकंड के इस वीडियो में बच्चा वर्दी पहने सेना के जवान से हाथ मिलाकर कहता है, 'आप बहुत अच्छा काम करते हो। इसके बाद वह सेना के जवान को सैल्यूट करता है। जवाब में सेना का जवान बच्चे को धन्यवाद देते हुए उसके सिर पर हाथ फेरता है। वीडियो महाराष्ट्र गांवबाग इलाके का है। बता दें, महाराष्ट्र में बारिश और बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। रविवार को सूबे में बाढ़ के हालात का जायजा लेने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंत्रालय नियंत्रण कक्ष पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत की।
यह भी पढ़ें- VIDEO: बच्चे ने जवान को सेल्यूट कर कहा-आप बहुत अच्छा काम करते हो