आरोप मुक्त महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे, रेप का इल्जाम लगाने वाली महिला ने वापस ली शिकायत
नई दिल्ली। कुछ घंटे पहले तक बलात्कार के आरोप का सामना कर रहे महाराष्ट्र (Maharashtra) के कैबिनेट मंत्री धनंजय मुंडे (Dhananjay Munde) के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंत्री पर जिस महिला सिंगर ने रेप का आरोप लगाया था उसने अपनी पुलिस शिकायत वापस ले ली है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मंत्री धनंजय मुंडे अब आरोप मुक्त हो गए हैं, हालांकि अभी इस बात की जानकारी नहीं है कि महिला ने ऐसा किस वजह से किया।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला ने जांच अधिकारी को बताया कि वह मुंडे के खिलाफ शिकायत वापस ले रही है, लेकिन उसने कोई कारण नहीं बताया। इस संबंध में पुलिस ने शिकायतकर्ता को एक हलफनामा देने को कहा है। बता दें कि महिला ने 11 जनवरी को महाराष्ट्र के 45 वर्षीय सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे के खिलाफ पुलिश में शिकायत दी थी।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा था कि 2006 में मुंडे ने शादी के नाम पर उसके साथ बलात्कार और यौन उत्पीड़न किया। महिला ने ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मुंडे के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। वहीं, धनंजय मुंडे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए ये सब किया जा रहा है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता की बहन के साथ उनके संबंध थे और उससे मुंडे को दो बच्चे भी हैं। इस मामले पर NCP प्रमुख शरद पवार (NCP chief Sharad Pawar) ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि यह एक गंभीर आरोप है, लेकिन जांच रिपोर्ट का इंतजार करने के बाद पार्टी फैसला लेगी।