शिवसेना नेता संजय राउत की तबीयत बिगड़ी, सीने में तेज दर्द के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती
मुंबई। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर चल रहे खींचतान के बीच एक बड़ी खबर आ रही है। शिवसेना नेता संजय राउत की तबीयत खराब हो गई है और उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। जानकारी के मुताबिक, शिवसेना नेता को लीलावती अस्पताल के 11 मंजिल पर भर्ती किया गया है।
डॉ. मैथ्यू या डॉ. मेनन शिवसेना नेता राउत का एंजियोग्राफी करेंगे। एंजियोग्राफी के बाद डॉक्टर आगे का इलाज तय करेंगे।संजय राउत की गिनती शिवसेना के बड़े नेताओं में होती है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही संजय राउत बीजेपी पर काफी हमलावर रहे हैं। वह शिवसेना के मुखपत्र सामना के कार्यकारी संपादक भी हैं।
संजय राउत की तबीयत ऐसे समय खराब हुई है जब राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शिवसेना को सरकार बनाने का न्योता दिया है। शिवसेना नेता शाम 6 बजे के बाद राज्यपाल से मिलने जाएंगे। शिवसेना के पास शाम 7.30 बजे तक अपना दावा पेश करने का वक्त है।संजय राउत के भाई सुनील राउत ने कहा कि पिछले 15 दिन से उनके सीने में दर्द हो रहा था। उनका चेकअप भी हुआ था। सुनील राउत ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। एक या दो दिन में उनको अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।