सस्पेंस खत्म, मुंबई में लैंड और टेकऑफ कर सकेंगे विमान, महाराष्ट्र सरकार की हरी झंडी
नई दिल्ली: कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए पूरे देश में पिछले दो महीनों से लॉकडाउन लागू है। इस दौरान विमान, ट्रेन और बस सेवा को पूरी तरह से रोक दिया गया था। लॉकडाउन के चौथे चरण में 25 मई से विमानों के संचालन की अनुमित केंद्र सरकार ने दे दी थी। जिस पर महाराष्ट्र सरकार ने आपत्ति जताई थी। लंबी बैठकों के बाद अब मुंबई से घरेलू उड़ानों के संचालन पर बात बन गई है, हालांकि इस दौरान यात्रियों को सरकार द्वारा जारी सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक के मुताबिक महाराष्ट्र सरकार ने घरेलू उड़ानों को सशर्त मंजूरी दे दी है। अभी फिलहाल रोजाना मुंबई एयरपोर्ट से 25 विमान टेकऑफ कर सकेंगे। इसके साथ ही 25 विमानों को लैंडिंग की भी अनुमति होगी। महाराष्ट्र सरकार कोरोना के हालात को देखते हुए आगे उड़ानों की संख्या बढ़ाएगी। इस संबंध में जल्द ही पूरे दिशानिर्देश जारी कर दिए जाएंगे। महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले के बाद हजारों यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
केंद्र के फैसले पर सीएम उद्धव ने जताई थी आपत्ति
आपको बता दें कि इससे पहले घरेलू उड़ानों के फैसले पर सीएम उद्धव ठाकरे ने आपत्ति जताई थी। सीएम उद्धव ने कहा था कि उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी से इस मामले में बात की थी। मुंबई एयरपोर्ट अभी संचालन के लिए तैयार नहीं है। सरकार को उड़ानें शुरू करने से पहले महाराष्ट्र की स्थिति का जायजा लेना होगा। साथ ही यात्रियों के आने-जाने संबंधित सभी गाइडलाइन जारी करनी होगी, ताकी कोरोना के संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके। सीएम उद्धव के इस बयान के बाद मुंबई एयरपोर्ट से उड़ानों के संचालन पर सस्पेंस बना हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications