'राम मंदिर को शुद्ध करेंगे, वहां भगवान राम की मूर्ति नहीं..': कांग्रेस नेता ने बताया जीत के बाद क्या है प्लान
Maharashtra Lok Sabha Election: महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर को लेकर एक बहुत ही अमर्यादित और विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने कहा है कि इंडिया ब्लॉक के चुनाव जीतने के बाद राम मंदिर के शुद्धिकरण का काम किया जाएगा।
इतना ही नहीं उन्होंने कहा है कि वहां स्थापित भगवान राम लला की प्रतिमा हटा देंगे और राम दरबार स्थापित करेंगे। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर के निर्माण में प्रोटोकॉल को तोड़ा है।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष का राम मंदिर पर आपत्तिजनक बयान
पटोले पहले से भी विवादित बयानों के लिए जाने जाते रहे हैं। उन्होंने ताजा भड़काऊ बयान बुधवार को दिया है, जो अब जाकर सामने आया है। वह पहले भी सुर्खियों में आने के लिए इस तरह की विवादित टिप्पणिया करते रहे हैं।
सत्ता में आने पर राम मंदिर का शुद्धिकरण करेंगे- नाना पटोले
इसमें उन्होंने मीडिया के लोगों से कहा, 'इंडिया ब्लॉक के सत्ता में आने के बाद हम अयोध्या में राम मंदिर का शुद्धिकरण करने जा रहे हैं। शंकराचार्य इसका (प्राण प्रतिष्ठा) विरोध कर रहे थे, सभी चार शंकराचार्य राम मंदिर का शुद्धिकरण करेंगे।'
भगवान राम लला की जगह राम दरबार स्थापित करेंगे- कांग्रेस नेता
यही नहीं, उन्होंने कहा, 'उस जगह राम दरबार स्थापित किया जाएगा। वहां भगवान राम की मूर्ति नहीं है, बल्कि उनके बाल रूप राम लला की है। नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर निर्माण में प्रोटोकॉल के खिलाफ काम किया है। हम इसे शुद्धि और धर्म के माध्यम से करेंगे।'
बीजेपी और पीएम मोदी पर गलत अनुष्ठान का लगाया आरोप
पटोले ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए सही से अनुष्ठान नहीं किया, जैसा कि शंकराचार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू विधि के हिसाब से यह प्राण प्रतिष्ठा समारोह शंकराचार्यों द्वारा करवाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि शंकराचार्यों ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर आपत्ति की थी, लेकिन 'बीजेपी और प्रधानमत्री ने उसे नजरअंदाज' किया।
शुद्धिकरण से कहना क्या चाहती है कांग्रेस?- प्रमोद कृष्णम
पटोले के आपत्तिजनक बयान पर कांग्रेस से उसके कथित सनातन-विरोधी स्टैंड पर बाहर निकले प्रमोद कृष्णम ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा, 'ये बेतुका और हास्यास्पद बयान है। भगवान राम का नाम लेने मात्र से मनुष्य पवित्र हो जाता है। उनका नाम लेने से हमारे सारे पाप धुल जाते हैं। शुद्धिकरण से कहना क्या चाहती है कांग्रेस?'
इससे कांग्रेस का विनाश होगा- कृष्णम
उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी है कि वो शुद्धिकरण की बात कहने से पहले भगवान राम के प्रति अपनी नफरत से बाहर निकले। उनके मुताबिक, 'अगर कांग्रेस इस तरह की बयानबाजी करती है, तो इससे पार्टी का विनाश होगा।'












Click it and Unblock the Notifications