कोरोना के खिलाफ हम जंग लड़ रहे हैं, स्थिति गंभीर नहीं लेकिन चिंताजनक: उद्धव ठाकरे
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि कोरोना के खिलाफ हम एक जंग लड़ रहे हैं। बहुत गंभीर या आपातकाल जैसी स्थिति नहीं है लेकिन चिंताजनक जरूर है। हमें किसी भी सूरत में इसे रोकना है, ऐसे में सभी को साथ मिलकर सहयोग करना है। ठाकरे ने कहा कि सभी लोग कोशिश करें कि ज्यादा घर पर ही रहें, वायरस को फैलने से रोकने का सबसे अच्छा तरीका यही है। ऐसे में अगर जरूरी ना हो तो यात्राएं ना करें।

हम इस स्थिति से निकल जाएंगे
उद्धव ने बताया कि उनकी पीएम मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन से बात हुई है। पीएम और स्वास्थ्य मंत्री की ओर से भरोसा मिला है कि केंद्र हर संभव मदद राज्य की करेगा। ठाकरे ने कहा कि हम एक जुझारू प्रदेश हैं। महाराष्ट्र इस स्थिति से लड़ेंगे और जल्दी ही इससे बाहर आ जाएगा।

लोग अपने घरों में रहें
ठाकरे ने कहा, प्रदेश की सरकार, डॉक्टर और पूरी मशीनरी 24 घंटे काम पर है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है लेकिन एहतियात जरूर करें। जहां तक मुमकिन हो दफ्तरों के काम भी घरों से ही किए जाएं। हम पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद कर सकते हैं लेकिन नहीं कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि लोग खुद गैरजरूरी सफर से बचें।
Recommended Video

महाराष्ट्र में कोरोना के 49 मामले
महाराष्ट्र सरकार मॉल, पब, मंदिर इत्यादि 31 मार्च तक बंद खने का आदेश पहले ही जारी कर चुकी है। माना जा रहा है कि कुछ और फैसले भी सरकार की ओर से हो सकते हैं। देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र ही है। राज्य में अभी तक कोरोना के 49 मामले सामने आ चुके हैं। गुरुवार को भी नए मामले सामने आए हैं। वहीं मुंबई कोरोना के एक मरीज की मौत भी हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications