महाराष्ट्र: रेप केस में फंसे मंत्री धनंजय के समर्थन में आए बीजेपी नेता, महिला पर ही लगा दिए गंभीर आरोप
Dhananjay Munde Case: हाल ही में वरिष्ठ एनसीपी नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जिसके बाद से विपक्षी दल उनके खिलाफ कार्रवाई और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में गुरुवार को नया मोड़ आया, जहां बीजेपी नेता और पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े मंत्री धनंजय के समर्थन में आ गए। साथ ही उन्होंने महिला के आरोपों को झूठा बताते हुए उस पर ही गंभीर आरोप लगा दिए।

पुलिस को लिखे एक पत्र में हेगड़े (BJP leader Krishna Hegde) ने कहा कि जिस महिला ने मंत्री धनंजय मुंडे पर आरोप लगाए हैं, वही महिला 2010 से उनके पास भी फोन कर रही थी। साथ ही चाहती थी कि वो उसके साथ 'संबंध' बनाएं। जिससे वो उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे निकलवा सके। उन्होंने आगे कहा कि महिला ने उन्हें डराया और ये सिलसिला 2015 तक जारी रहा, लेकिन उन्होंने उससे मिलने से इनकार कर दिया। साथ ही कई बार कहा कि उन्हें उसके साथ संबंध में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्हें अपने सूत्रों से पता चला था कि ये महिला हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाती है।
हेगड़े के मुताबिक जब उन्हें मंत्री धनंजय मुंडे पर लगे आरोपों का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को पत्र लिखा। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। उनके मुताबिक जो महिला कल उनको निशाना बनाना चाह रही थी, आज उसने मंत्री को निशाना बनाया है। आगे वो और किसी को जाल में फंसाएगी। वहीं महिला के वकील ने कहा कि हेगड़े का दावा सही नहीं है, वो अपनी क्लाइंट से इस बारे में पहले बात करेंगे उसके बाद ही इस पर कोई टिप्पणी करेंगे।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री धनंजय मुंडे का अफेयर बना मुसीबत, BJP पहुंची चुनाव आयोग
नहीं देंगे इस्तीफा
पार्टी के नेता पर लगे आरोपों को एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने भी गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि मंत्री पर जो आरोप लगे हैं, वो काफी गंभीर हैं, ऐसे में जल्द इस मामले की जांच हो। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने धनंजय मुंडे के साथ एनसीपी दफ्तर में बैठक की। पाटिल के मुताबिक धनंजय ने इस्तीफे की पेशकश नहीं की है।