भाजपा के खिलाफ महागठबंधन पर राहुल गांधी ने दिया बड़ा बयान
2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के खिलाफ बनने जा रहे महागठबंधन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया है।
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के खिलाफ बनने जा रहे महागठबंधन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया है। मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने बुधवार को कहा, 'महागठबंधन केवल एक राजनीतिक गठबंधन नहीं है, बल्कि यह लोगों के अंदर की एक भावना है। आज भाजपा और आरएसएस के खिलाफ पूरा देश एकजुट हो रहा है।' राहुल गांधी आज दिल्ली के होटल ताज पैलेस में इफ्तार पार्टी का आयोजन कर रहे हैं।
पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला। राहुल ने कहा, 'पेट्रोल की बढ़ती कीमतों की वजह से आम आदमी पर महंगाई का बोझ पड़ रहा है। हमने ईंधन को जीएसटी के दायरे में लाने के लिए कहा, लेकिन सरकार ने हमारी बात नहीं सुनी।' इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर अपने सीनियर नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी, पीएम मोदी के गुरु रहे हैं लेकिन, वो उनकी बिल्कुल भी रेस्पेक्ट नहीं करते।
राहुल गांधी ने कहा कि हम अटल बिहारी वाजपेयी के खिलाफ चुनाव लड़े, लेकिन जब वो बीमार थे तो मैं उनसे जाकर मिला। वो देश के प्रधानमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने देश के लिए काम किया है। हम उन्हें उस समय भी इज्जत देते थे, जब वो पीएम थे और अब भी देते हैं। ये हमारा कल्चर है। राहुल गांधी ने कहा कि एक सीनियर राजनेता ने उन्हें बताया कि वो पिछले 50 सालों से कांग्रेस के खिलाफ लड़ रहे हैं लेकिन अब महसूस हुआ कि देश में केवल कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी है जो देश को सुरक्षित रख सकती है। सिर्फ कांग्रेस ही भाजपा और आरएसएस की विचारधारा को हरा सकती है।
ये भी पढ़ें- तय हुआ महागठबंधन का गणित, जानिए कितनी सीटों पर लड़ेंगे अखिलेश और मायावती?