Maha Shivratri: घर बैठे मिलेगा महादेव का आशीर्वाद, जानें काशी, सोमनाथ और महाकालेश्वर प्रसाद बुकिंग प्रोसेस
Maha Shivratri 2025: महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। हर भक्त की इच्छा होती है कि वह ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करे। लेकिन कई श्रद्धालु समय या अन्य कारणों से ऐसा नहीं कर पाते। ऐसे श्रद्धालुओं के लिए डाक विभाग ने एक विशेष सेवा शुरू की है, जिससे वे घर बैठे प्रमुख शिवालयों का प्रसाद प्राप्त कर सकते हैं।
डाक विभाग की इस सुविधा के तहत भक्त श्री सोमनाथ मंदिर (गुजरात), श्री काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) और श्री महाकालेश्वर मंदिर (उज्जैन) का प्रसाद प्राप्त कर सकते हैं। उत्तर गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इसके लिए श्रद्धालुओं को ई-मनीऑर्डर के माध्यम से प्रसाद बुक करना होगा।

इसके अलावा, डाकघरों में गंगाजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे मात्र ₹30 में खरीदा जा सकता है। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि श्री सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट और भारतीय डाक विभाग के बीच एक समझौता हुआ है। इस सुविधा के तहत कोई भी श्रद्धालु ₹270 का ई-मनीऑर्डर भेजकर प्रसाद प्राप्त कर सकता है। ई-मनीऑर्डर मैनेजर, श्री सोमनाथ ट्रस्ट, प्रभास पाटन, जिला-जूनागढ़, गुजरात-362268 के नाम भेजना होगा।
श्रद्धालुओं को ई-मनीऑर्डर पर "प्रसाद के लिए बुकिंग" लिखना होगा। इसके बाद, श्री सोमनाथ ट्रस्ट 400 ग्राम प्रसाद का पैकेट स्पीड पोस्ट से भेजेगा। इस प्रसाद में 200 ग्राम बेसन लड्डू, 100 ग्राम तिल की चिक्की और 100 ग्राम मावा की चिक्की शामिल होगी।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद कैसे मंगवाएं?
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, वाराणसी का प्रसाद भी अब देशभर में स्पीड पोस्ट के माध्यम से श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए ₹251 का ई-मनीऑर्डर भेजना होगा। यह ई-मनीऑर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल-221001 के नाम भेजा जा सकता है।
डाक विभाग के अधिकारी कृष्ण कुमार यादव के अनुसार, इस प्रसाद में श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि, महामृत्युंजय यंत्र, श्री शिव चालीसा, 108 दाने की रुद्राक्ष माला, बेलपत्र, भभूति, रक्षा सूत्र, मेवा, मिश्री और भगवान शिव का विशेष सिक्का शामिल होगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रसाद की सुविधा
उज्जैन के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रसाद को भी डाक विभाग स्पीड पोस्ट के जरिए घर-घर तक पहुंचा रहा है। श्रद्धालु ₹251 का ई-मनीऑर्डर भेजकर यह प्रसाद प्राप्त कर सकते हैं। ई-मनीऑर्डर मैनेजर, स्पीड पोस्ट सेंटर, उज्जैन के नाम भेजना होगा।
इस प्रसाद में 200 ग्राम लड्डू, भभूति और भगवान श्री महाकालेश्वर जी का चित्र शामिल रहेगा। पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि यह सेवा महाशिवरात्रि के दौरान विशेष रूप से उपलब्ध कराई जा रही है ताकि अधिक से अधिक भक्त इसका लाभ उठा सकें।
मोबाइल पर मिलेगी स्पीड पोस्ट की जानकारी
डाक विभाग ने इस सुविधा को सुगम बनाने के लिए तकनीकी प्रबंध भी किए हैं। भक्तों को उनके मोबाइल नंबर पर स्पीड पोस्ट का विवरण एसएमएस के माध्यम से भेजा जाएगा। इसके लिए ई-मनीऑर्डर भरते समय अपना पूरा पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा।
महाशिवरात्रि के अवसर पर भक्तों के लिए गंगाजल भी डाकघरों में उपलब्ध कराया जा रहा है। 250 मि.ली. की गंगाजल बोतल मात्र ₹30 में खरीदी जा सकती है। इससे वे घर बैठे ही गंगाजल का उपयोग पूजा-अर्चना में कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications