MP News: अप्रैल में ही विद्यार्थियों को मिलेंगी साइकिल, पुस्तकें और छात्रवृत्ति: स्कूल शिक्षा मंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में, सरकार 12 महीने के भीतर कटनी में डिजिटल बोर्ड, आधुनिक प्रयोगशालाओं और एक पुस्तकालय के साथ एक नया हाई स्कूल देगी, जो समय पर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी अप्रैल माह में ही विद्यार्थियों को साइकिल, पाठ्यपुस्तकें और छात्रवृत्ति का वितरण किया जाएगा, ताकि वे बिना किसी परेशानी के पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें। यह बात स्कूल शिक्षा एवं कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कही।

शनिवार को कटनी शहर के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, कुठला में 1 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन हाई स्कूल भवन की सौगात के अवसर पर आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में मंत्री ने आमजन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नए स्कूल भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों के समान सभी आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। समय पर शुद्ध पेयजल और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लक्ष्य है कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण बुनियादी सुविधाएं समय पर प्राप्त हों।
प्रभारी मंत्री ने नागरिकों से संवाद करते हुए स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और बिजली की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना के माध्यम से और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ व शुद्ध पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि बिजली या अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
प्रभारी मंत्री ने नए भवन की सौगात पर विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि 1 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह हाई स्कूल भवन आगामी 12 महीनों में तैयार होगा। विद्यालय में डिजिटल बोर्ड, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री का 23 तारीख को कटनी भ्रमण संभावित है, इस दौरान वे स्वयं स्कूल भवन का भूमिपूजन करेंगे।
जनप्रतिनिधियों से सजग रहने का आग्रह
मंत्री ने विधायक और पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कहीं भी किसी समस्या की जानकारी मिलते ही प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
जी प्लस वन मॉडल पर बनेगा भवन
धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने बताया कि कुठला में बनने वाला नया हाई स्कूल भवन जी प्लस वन मॉडल पर तैयार किया जाएगा। इसमें पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, प्राचार्य कक्ष, लॉबी-कोरिडोर, बालक-बालिका एवं दिव्यांगजनों के लिए प्रसाधन, सीढ़ियां और रैम्प लोक निर्माण विभाग की निगरानी में बनाए जाएंगे। कार्यक्रम में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications