MP News: 7,400 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी, सीएम मोहन यादव बोले- सपनों को नई उड़ान देगी ये सौगात

मध्य प्रदेश में सेवा संकल्प पहल के तहत 7,400 से अधिक मेधावी 12वीं कक्षा के छात्रों को स्कूटर वितरित किए गए हैं। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए, जिन्होंने छात्रों से सीए, कानून, चिकित्सा और कृषि स्टार्टअप में करियर के बारे में बात की, जिससे राज्य की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और भविष्य के अवसरों के प्रति प्रतिबद्धता को बल मिला।

भोपाल: मध्य प्रदेश में 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7,400 से ज्यादा विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 11 विद्यार्थियों को स्कूटी की चाबियां सौंपीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके भविष्य के सपनों और करियर की योजनाओं के बारे में भी जाना।

MP distributes scooters to meritorious students

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एक छात्रा की स्कूटी पर बैठकर राइड का आनंद लेते भी नजर आए। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि कोई सीए बनना चाहता है, कोई वकील, कोई डॉक्टर तो कोई एग्रीकल्चर सेक्टर में स्टार्टअप शुरू करने की योजना बना रहा है।

मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान खुशी राय ने कहा कि स्कूटी मिलने से उसे पढ़ाई के साथ घर के कामों में भी मदद मिलेगी। वहीं शब्द ने बताया कि वह आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहता है।

आकाश साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह पढ़ाई के साथ एग्रीकल्चर स्टार्टअप शुरू करना चाहता है। उसका फूड और वेजिटेबल सप्लाई के क्षेत्र में काम करने का विचार है। आकाश ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों से पढ़ाई का स्तर बेहतर हुआ है और अब प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थी भी सरकारी स्कूलों की ओर आ रहे हैं।

शिव कुमार कौल ने बताया कि उनके घर में यह पहली गाड़ी है और वह इंजीनियर बनकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहते हैं। वहीं रवि केवट और मरियम खान ने सीए बनने की इच्छा जताई।

मिनी जैन ने नीट परीक्षा पास कर न्यूरोसर्जन बनने का लक्ष्य बताया, जबकि रानी सांपले उच्च शिक्षा हासिल कर वकील बनना चाहती हैं। खुशी यादव ने एमबीबीएस करने की इच्छा जताई।

मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्कूटी योजना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगभग एक लाख रुपये तक की कीमत वाली स्कूटी दी जा रही है, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज आने-जाने में सुविधा हो।

उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों को निशुल्क किताबें, ड्रेस और साइकिल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और उनकी महत्वाकांक्षाओं को देखकर यह विश्वास और मजबूत होता है कि प्रदेश का भविष्य उज्ज्वल है।

कृषि और पारंपरिक व्यवसाय में भी करियर की संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों से संवाद के दौरान यह सामने आया कि कई बच्चे पढ़ाई के बाद पुश्तैनी व्यवसाय और खेती-किसानी को भी आधुनिक तरीके से आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एग्रीकल्चर स्टार्टअप के जरिए युवा परिवार की आय बढ़ाने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सकें।

7,400 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिली स्कूटी

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेशभर के 7,400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी दी जा रही है। इन विद्यार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल और ई-स्कूटी विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में मदद करेंगी। यह पहल अन्य विद्यार्थियों के लिए भी मेहनत और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा बनेगी।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा बजट का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने बीते वर्ष कुल 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया, जिसमें स्कूल शिक्षा के लिए 38 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सर्वसुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय विकसित किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट सूची में सांदीपनि और शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ रही है।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि देश और प्रदेश का भविष्य उनके हाथों में है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और युवा पढ़-लिखकर आगे बढ़ेंगे तो देश की आर्थिक क्षमता और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को प्रोत्साहित करते हुए विकसित भारत @2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+