MP News: लोकतंत्र सेनानियों को तीर्थयात्रा कराएगी सरकार, सीएम मोहन बोले- उनके संघर्ष से मजबूत हुआ भारत का लोकतंत्र
मध्य प्रदेश लोकतंत्र सेनानियों के लिए एक विशेष तीर्थयात्रा ट्रेन की घोषणा करता है, जिसमें दो दिन का मुफ्त विश्राम गृह आवास, स्वास्थ्य सेवाएँ और स्मृति परियोजनाएँ शामिल हैं। यह आपातकाल काल और उसके बाद उनके योगदान का सम्मान करेगा।
मध्यप्रदेश सरकार अब लोकतंत्र सेनानियों को तीर्थयात्रा कराने के लिए विशेष ट्रेन चलाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष की वजह से ही आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बन पाया है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिन्होंने संघर्ष किया, उनका सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और लोकतंत्र सेनानियों पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में 96 वर्षीय लोकतंत्र सेनानी लक्ष्मी नारायण पाटीदार, 95 वर्षीय शांति लाल संघवी और पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का अभिनंदन किया गया। इस दौरान आपातकाल पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के समय लोगों को बिना किसी सुनवाई के जेलों में बंद कर दिया जाता था। "न वकील, न अपील, न दलील" की स्थिति थी। परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन लोकतंत्र सेनानियों ने संघर्ष जारी रखा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों की लड़ाई देश की आजादी की दूसरी लड़ाई के समान थी। उन्हीं के संघर्ष के कारण आज लोकतंत्र सुरक्षित है और गरीब परिवार से निकलकर कोई व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस संविधान की बात करती है, लेकिन संविधान का सबसे अधिक दुरुपयोग उसी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल एक परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया, जबकि देशहित और लोकतांत्रिक संस्थाओं की अनदेखी की गई।
सम्मेलन में लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक ने कहा कि 1975 से 1977 के आपातकाल के दौरान जेल गए मीसाबंदियों का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं एक मीसाबंदी परिवार से आते हैं और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को करीब से समझते हैं। लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कैलाश सोनी ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के लिए विशेष तीर्थाटन ट्रेन शुरू की जाएगी। प्रदेशभर के रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस में उन्हें दो दिन तक नि:शुल्क ठहरने की सुविधा मिलेगी। दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों के नाम पर गांवों और कस्बों में शिलालेख लगाए जाएंगे, साथ ही पार्क, मार्ग और खेल मैदानों का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाएगा।
इसके अलावा लोकतंत्र सेनानियों के नि:शुल्क इलाज और एयर एंबुलेंस सुविधा की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोकतंत्र सेनानी अभी तक ताम्रपत्र प्राप्त नहीं कर सके हैं, उन्हें जल्द ताम्रपत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के सुझावों को प्रदेश के विकास और जनकल्याण की योजनाओं में शामिल किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications