नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, बाढ़ प्रभावित इलाकों का करेंगे निरीक्षण
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा के लिए रीवा जाने के अपने शाम के कार्यक्रम रद्द कर दिए। यह दौरा गंभीर बारिश के बाद हुआ है, जिससे मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके कारण चित्रकूट और सतना सहित प्रभावित जिलों में बचाव, आश्रय और चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन-कल्याण को प्राथमिकता देते हुए 29 अगस्त की शाम के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और नई दिल्ली से सीधे रीवा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने रीवा में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति को लेकर आपात बैठक की। इसके बाद वे सतना जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और चित्रकूट में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लेंगे।

दरअसल, चित्रकूट क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मंदाकिनी नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। बाढ़ के कारण रामघाट से हनुमान धारा जाने वाले मार्ग पर बना पुराना पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। चित्रकूट में सेना के हेलीकॉप्टर भी राहत एवं बचाव कार्य में लगाए गए हैं।
प्रभावित लोगों के लिए चित्रकूट में छह आश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है। इन आश्रय स्थलों पर जलभराव से प्रभावित लोगों के ठहरने के साथ-साथ भोजन और चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मंदाकिनी नदी का जलस्तर फ्लड लेवल के करीब
प्रशासन के अनुसार मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह अधिकतम फ्लड लेवल 136 मीटर के करीब पहुंच रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वहीं, जबलपुर से एसडीईआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं और जरूरत के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
बाढ़ प्रभावितों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति में लोगों को सूचना और सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रभावित लोग सहायता के लिए 07672-223211 पर संपर्क कर सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के रीवा पहुंचने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई है। मुख्यमंत्री स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
