गौ-हत्या पर सियासी संग्राम: सीएम मोहन यादव का कांग्रेस पर तीखा हमला, सुनाई करपात्री महाराज की कहानी
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने गौ मांस टैक्स को लेकर कांग्रेस के दावों का जोरदार खंडन किया है, गाय संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया और विपक्ष की ऐतिहासिक कार्रवाइयों की आलोचना की।
मुख्यमंत्री ने बालाघाट में कांग्रेस पर बोला हमला, गौ-मांस टैक्स के आरोपों को बताया बेबुनियाद

बालाघाट। मध्यप्रदेश में गौ-हत्या को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा गौ-मांस पर टैक्स लगाए जाने के आरोपों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीखा पलटवार किया है। 24 सितंबर को बालाघाट के कटंगी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और करपात्री महाराज की ऐतिहासिक कहानी सुनाकर कांग्रेस के पुराने पापों को याद दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारी मान्यता है कि गाय में 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास होता है। हम गौ-हत्या की सोच भी नहीं सकते। कांग्रेस का गौमाता से कोई लेना-देना नहीं है। वह तो गौ-हत्यारों की रिश्तेदार है। दशकों पहले कांग्रेस ने करपात्री महाराज और साधु-संतों पर गोलियां चलवाई थीं।" उन्होंने कांग्रेस के चुनाव चिन्ह बदलने को भी निशाने पर लिया और कहा, "कभी गाय-बछड़ा कांग्रेस का चुनाव चिन्ह था, लेकिन बाद में उन्होंने हाथ को अपना प्रतीक बना लिया। यह दर्शाता है कि कांग्रेस को गाय से नफरत है।"
कार्यक्रम में किसानों को बोनस राशि वितरित करने के बाद सीएम ने लाड़ली बहनों की योजना का जिक्र करते हुए कहा, "जब हमने बहनों को ₹1000 देना शुरू किया तो कांग्रेस ने कहा कि पैसा नहीं है, यह चुनावी जुमला है। लेकिन हमने चुनाव से पहले ₹1000, फिर ₹1250 और रक्षाबंधन पर ₹250 अतिरिक्त दिए।" उन्होंने कांग्रेस नेताओं को 'नालायक' बताते हुए कहा, "कांग्रेसी कहते हैं कि बहनों को पैसे दो तो शराब पी जाती हैं। मैं बहनों से कहता हूं कि अगर कोई कांग्रेसी गली-मोहल्ले में आए तो उसका हिसाब जरूर चुकता करना।"
गौवंश संरक्षण पर सरकार की सख्ती
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में गौ-हत्या पर सख्त कानून लागू है। "गाय को काटना तो दूर, अगर कोई उसे परेशान भी करेगा तो उसे जेल में डाल दिया जाएगा। हमने कई ट्रक और गाड़ियां जब्त की हैं जिनमें गौवंश की तस्करी हो रही थी। जब हम गौ-हत्यारों को पकड़ते हैं तो कांग्रेस हाय-हाय चिल्लाती है।" उन्होंने राम मंदिर मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा और कहा, "कांग्रेस ने कोर्ट में शपथ पत्र देकर कहा था कि राम का कोई अस्तित्व नहीं है। लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश से मंदिर बना तो कहने लगे कि राम हमारे भी हैं।"
करपात्री महाराज की कहानी से कांग्रेस पर हमला
सीएम ने करपात्री महाराज की कहानी सुनाते हुए कहा, "1960-65 के दौरान करपात्री महाराज साधु-संतों के साथ दिल्ली आए थे और गौ-हत्या बंद करने की मांग की थी। लेकिन कांग्रेस ने निहत्थे संतों पर गोलियां चलवाईं। देश इस पाप को कभी नहीं भूलेगा।" उन्होंने कहा कि सरकार गौशालाओं के लिए योजना चला रही है और गौ-पालकों को प्रति गाय ₹40 दिए जा रहे हैं। "जो व्यक्ति 25 गायें पालेगा और ₹40 लाख निवेश करेगा, उसे ₹10 लाख का अनुदान दिया जाएगा। हमारी सरकार गौ-माता को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।"












Click it and Unblock the Notifications