मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को दी 3,300 करोड़ से अधिक की सौगात, 82.70 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 4-4 हजार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खंडवा में बलराम किसान मेले में किसानों के कल्याण के प्रमुख उपायों की घोषणा की, जिसमें 82.70 लाख से अधिक किसानों को ₹3,300 करोड़ का सीधा हस्तांतरण, सिंचाई का विस्तार और आधुनिक खेती की तकनीकों के लिए समर्थन शामिल है, साथ ही आने वाली सड़क और परिवहन पहलों की योजनाएं भी हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में प्रदेश के किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत राज्य के 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹3,300 करोड़ से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। किसानों को वर्ष 2025-26 की तीसरी और 2026-27 की पहली किस्त के रूप में ₹4,000 की राशि प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जैविक एवं हाईटेक खेती, खाद्य प्रसंस्करण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने खंडवा में पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि खंडवा-बूंदी मार्ग के निर्माण के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री का हल भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मेहनत से देश का अन्न उत्पादन करते हैं, इसलिए सरकार उनके सम्मान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत आज 82.70 लाख से अधिक किसानों के खातों में ₹3,300 करोड़ से अधिक की राशि सीधे भेजी गई है।
वर्ष 2026 होगा 'कृषक कल्याण वर्ष'
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति "वसुधैव कुटुम्बकम" और "जियो और जीने दो" के सिद्धांत पर आधारित है। उन्होंने भगवान बलराम को कृषि का प्रथम देवता बताते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत प्रदेशभर में बलराम महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।
सिंचाई क्षमता और आधुनिक खेती पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की संकल्प शक्ति के कारण प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ा है। वर्ष 2002-03 से पहले जहां सिंचाई का रकबा 44 लाख हेक्टेयर था, वहीं अब यह बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। पिछले ढाई वर्षों में ही इसमें 10 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को बिजली, पानी, बेहतर सड़कें, प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीकों से जोड़ रही है। अब किसान ड्रोन के जरिए खाद और बीज का छिड़काव कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष वर्षा ऋतु के बाद किसानों को दिन के समय भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही राज्य सरकार ने दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अगले महीने से शुरू होंगी सरकारी रोडवेज बसें
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण योजनाओं के साथ-साथ लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹1,500 की सहायता दी जा रही है। उन्होंने घोषणा की कि अगले महीने से प्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि भगवान कृष्ण और भगवान राम से जुड़े धार्मिक स्थलों का तीर्थ के रूप में विकास किया जा रहा है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के साथ-साथ ओंकारेश्वर धाम में भी हजारों करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य चल रहे हैं।
यूसीसी पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यूसीसी को विधानसभा से पारित कराया है। उनके अनुसार, यूसीसी को लेकर किए गए सर्वे के दौरान साढ़े तीन करोड़ से अधिक लोगों को एसएमएस भेजे गए और 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए। उन्होंने दावा किया कि सर्वे में 76 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम महिलाओं ने यूसीसी के समर्थन में राय दी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति मिली है।


Click it and Unblock the Notifications
