मध्य प्रदेश में दो लड़कियों के साथ रेप, एक को जिंदा दफन करने की कोशिश, दूसरी को बोरी में बांधकर फेंका
इंदौर। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों में जिस तरह से महिलाओं के साथ अपराध के मामले सामने आए हैं उसके बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे है। एक बार फिर से प्रदेश में दो रेप के मामले सामने आए हैं। बेतुल में एक 14 साल की लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है। अपराधियों ने नाबालिग के साथ ना सिर्फ रेप किया बल्कि उसे पत्थर से पीटने के बाद जिंदा दफन कर दिया। लेकिन कहते हैं जिसको बचाने वाला ईश्वर हो उसे कोई भला क्या मारेगा। 14 साल की यह लड़की इतना होने के बाद भी जिंदा बच गई। वहीं इंदौर में 19 साल की लड़की के साथ गैंगरेप किया गया और उसपर चाकू से हमला किया गया। लड़की को बोरी में बांधकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया लेकिन यह लड़की भी जिंदा बच गई।

बेतुल की घटना की बात करें तो पीड़िता गांव में स्थित एक खेत में गई थी। जब वह खेत में मोटर का इंजन का स्विच बंद करने गई तो आरोपियों ने पीड़िता के साथ यहां कथित रूप से रेप किया और इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को जिंदा दफन करने की कोशिश की। जब परिवार के सदस्य लड़की की तलाश करने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि लड़की दर्द से कराह रही है और उसे आरोपियों ने पीटकर पत्थर से ढक दिया था।
स्थानीय पुलिस अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि 35 वर्षीय आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है और हमने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता के निजी अंगों में गंभीर चोटें आई हैं, लड़की का जबड़े में भी चोट आई है। पीड़िता को नागपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
इंदौर मामले की बात करें तो पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़की का पूर्व प्रेमी है। आरोपी लड़की को नंदीग्राम स्थित अपने फ्लैट पर लेकर गया और उसके साथ अपने दोस्तों संग रेप किया। जब लड़की ने धमकी दी तो आरोपियों ने उसे चाकू मार दिया और बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शशिकांत कांकड़े ने बताया कि पुलिस कंट्रोल को घायल लड़की की जानकारी दी गई, जिसके बाद उसे एमवाई अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, लड़की के शरीर पर चाकू से हमले के दो जख्म हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।