पाकिस्तान ने भेजे 40 प्रशिक्षित आतंकी: ले. जनरल

ले. जनरल ने कहा कि यह घुसपैठ आज नहीं, बल्कि 9 दिन पहले घुसपैठ हुई थी, और आतंकी अभी भी भारतीय सीमा के अंदर जमे हुए हैं, उनके साथ संघर्ष जारी है। ये सभी आतंकी पाकिस्तानी सेना द्वारा प्रशिक्षित लग रहे हैं।
भारतीय सेना के लेफ्टनेंट जनरल गुर्मीत सिंह ने प्रेसवार्ता में कहा कि जबतक ऑपरेशन जारी है, तब तक हम उसका विवरण मीडिया से साझा नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि अफसोस होता है उन लोगों पर जो ऐसे मौकों पर अफवाहें उड़ाने लगते हैं। किसी ने कहा कि भारतीय सेना ने 70 साल के वृद्ध को आतंकवादी करार देते हुए मार गिराया, जबकि मृतक की उम्र 40 के करीब थी और उसके पास एके-47 समेत कई हथियार बरामद हुए, जो पाकिस्तान में निर्मित थे।
ले. जनरल ने कहा कि घुसपैठियों की ओर से फायरिंग हुई है, जिसका मुंहतोड़ जवाब हमारे जवानों ने दिया है। इस मुठभेड़ में अब तक पांच जवान घायल हुए हैं, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है। ले. जनरल गुर्मीत सिंह ने भारतीय मीडिया से अपील की है कि इस संबंध में किसी भी अफवाह को खबर बनाकर मत प्रकाशित करें, बल्कि बेहतर होगा अगर जवानों का मनोबल बढ़ायें।
कार्गिल जैसी स्थिति
इसमें कोई शक नहीं कि इस समय कार्गिल जैसी स्थिति बन गई है। उस दौरान भी आतंकियों ने घुसपैठ की थी। जनरल ने बताया कि 23 सितंबर को एलओसी पार करके 40 से 50 आतंकवादी केरन सेक्टर के पास स्थित खाली पड़े एक गांव में घुस आये हैं। यहां पर गुफाएं हैं और ये आतंकवादी पूरी तरह प्रशिक्षित नजर आ रहे हैं। शाला भाटा गांव के खाली घरों में आतंकी घुसे हुए हैं। ये लोग रह-रह कर फायरिंग कर रहे हैं।
कमांडिंग ऑफीसर गुर्मीत सिंह ने कहा कि यह इलाका जंगलों से घिरा हुआ है। जो 30 से 40 आतंकी भारतीय सेना से लड़ रहे हैं, वो पूरी तरह प्रशिक्षित हैं। ये आतंकी साधारण आतंकवादी नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications