केरल के बाद झारखंड में लव जिहाद पर बवाल, VHP ने दिया अल्टीमेटम
रांची। केरल के बाद अब झारखंड में लव जिहाद का मामला सामने आया है। जिसमें लड़की ने लड़के पर शादी का झूठा वादा कर यौन शोषण करने के साथ-साथ जबरन धर्म परिवर्तन कराने का भी आरोप लगाया है। न्यूज वेबसाइट आज तक के मुताबिक मामला रांची शहर के नामकुम इलाके का है। यहां की रहने वाली एक लड़की का आरोप है कि आरोपी लड़के टार्जन हुसैन उर्फ एम्मी हुसैन ने उसके साथ शादी का वादा कर शारीरिक शोषण किया है।
पीड़िता के पिता ने इस संबंध में FIR भी दर्ज कराई है। लड़की के परिवार वालों ने नामकुम थाने के एक अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए उसे निलंबित करने की मांग की। दरअसल जब लड़की के परिजन थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे तो पुलिस अधिकारी ने मामले को टालने की कोशिश की। जिसके बाद पीड़ित लड़की के परिजन भड़क गए और उन्होंने थाने में जमकर हंगामा काटा।
आरोपी लड़का हिंदपीड़ी इलाके का रहने वाला है और वह दूसरे समुदाय से ताल्लुक रखता है। अब इस मामले ने राजनितिक रंग ले लिया है। विहिप ने पुलिस को 24 घंटे में लड़के की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है। विहिप का कहना है कि अगर आरोपी की गिरफ्तारी जल्दी नहीं हुई तो वे सड़कों पर आकर प्रदर्शन करेंगे।