'DMK और कांग्रेस जैसी 'फैमिली' पार्टियों का एक ही एजेंडा', तमिलनाडु में विरोधियों पर फिर बरसे PM Modi
PM Modi Coimbatore Rally: लोकसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगाने के लिए जोरों शोरों से प्रचार में जुटी हुई है। इस बार '400 पार' के नारे के साथ बीजेपी के दिग्गज नेता सभाओं और रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को तमिलनाडु पहुंचे, जहां उन्होंने कोयंबटूर के मेट्टुपालयम में एक जनसभा को संबोधित किया।
रैली में मौजूद लोगों को देखते हुए पीएम मोदी ने कहा, "आज मैं देख रहा हूं, पूरे तमिलनाडु में भाजपा ही छाई हुई है। हर कोई कह रहा है DMK की विदाई भाजपा और NDA के द्वारा ही होगी।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक बार फिर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) पर निशाना साधा और तमिलनाडु में सत्तारूढ़ पार्टी पर 'भारत में निवेश खत्म करने' की इच्छा रखने वालों का समर्थन करने का आरोप लगाया। डीएमके को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि द्रमुक उन लोगों के साथ खड़ी है, जो देश में निवेश खत्म करना चाहते हैं। ये लोग अपनी राजनीति से तमिलनाडु को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं।
रैली में पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी सरकार तमिलनाडु के इस इलाके में 'डिफेंस कॉरिडोर' बना रही है? इसी के साथ लोगों से सवाल पूछचे हुए कहा कि क्या INDI गठबंधन की मानसिकता से कभी 'डिफेंस कॉरिडोर' बनाया जाएगा?
भ्रष्टाचारियों को बचाने में सबसे आगे DMK-पीएम मोदी
वहीं भ्रष्टाचार पर घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक भ्रष्टाचारियों को बचाने में सबसे आगे खड़े हैं।द्रमुक ने हमेशा 'नफरत' और 'विभाजन' की राजनीति पर ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कभी भी तमिलनाडु के विकास की परवाह नहीं की। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए नीलगिरी और कोंगु के विकास के लिए कड़ी मेहनत करेगा। ये है 'मोदी की गारंटी'
अपना हमला जारी रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस-डीएमके गठबंधन पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों के लोगों को बुनियादी सुविधाओं से दूर रखने का आरोप लगाया।
'दशकों तक गरीबी हटाओ का नारा, लेकिन...'
इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि DMK और कांग्रेस जैसी 'फैमिली' पार्टियों का एक ही एजेंडा रहता है, किसी भी तरह झूठ बोलकर सरकार में बने रहो। कांग्रेस ने इतने दशकों तक गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबी नहीं हटी। ये NDA सरकार है जिसने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है।
'कांग्रेस-DMK ने लोगों को तरसाया'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कांग्रेस-DMK के INDI गठबंधन ने दशकों तक SC-ST, OBC समाज के करोड़ों लोगों को मकान, पानी, बिजली के लिए तरसा कर रखा। क्योंकि इनकी सोच थी कि सबको मकान और बिजली नहीं मिल सकता। लेकिन भाजपा सरकार ने करोड़ों लोगों को पीएम आवास दिया, हर गांव तक बिजली पहुंचाई, 80 करोड़ जरूरतमंदों को मुफ्त राशन दिया और इसमें अधिकांश SC-ST, OBC समाज के लोग हैं।"
ये लोग राम मंदिर का विरोध करते हैं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "अयोध्या में राम मंदिर का भव्य निर्माण होता है, ये लोग उसका भी विरोध करते हैं। मैं तमिलनाडु में भगवान राम से जुड़े स्थानों पर आता हूं, इन्हें उससे भी तकलीफ होती है। ये लोग तो सनातन धर्म को समाप्त करने की धमकी दे रहे हैं। नए संसद भवन में तमिलनाडु की संस्कृति से जुड़े पवित्र सेंगोल की स्थापना होती है, DMK उसका बहिष्कार करती है।"












Click it and Unblock the Notifications