सुरेश कश्यप बने हिमाचल प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष, जानिए उनके बारे में
शिमला। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को शिमला से पार्टी के सांसद सुरेश कुमार कश्यप को पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि नड्डा ने सांसद सुरेश कुमार कश्यप को हिमाचल प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। आपको बता दें कि राजीव बिंदल के प्रदेश अध्यक्ष पद से मई महीने में इस्तीफा देने के बाद से यह पद खाली था।
बिंदल ने कथित पीपीई घोटाला मामले में उंगलियां उठने के बाद नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कश्यप ने पिछले लोकसभा चुनाव में शिमला से जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार धनी राम शांडिल को तीन लाख से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया था।
सुरेश कश्यप का छोटा से परिचय
सुरेश कश्यप का जन्म 23 मार्च 1971, को पपलाहन जिला सिरमौर में हुआ। कश्यप ने राजनीतिक सफर बीडीसी सदस्य के रुप में शुरु किया था। उसके बाद 2012 में बीजेपी के विधायक और 2017 में भाजपा के फिर से विधायक बने। 2019 में वो सांसद चुने गए। सुरेश कश्यप वायुसेना में सेवाएं दे चुके हैं। कश्यप ने लोक प्रशासन में एमफिल, अंग्रेजी और पर्यटन में पोस्ट ग्रेजुएट, पब्लिक रिलेशंस एंड कम्युनिकेशंस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और बीएड की डिग्री हासिल की है।