असम के बारपेटा सांसद अब्दुल खालिक ने वापस लिया इस्तीफा, खड़गे-सोनिया से मुलाकात के बाद बदला मन
Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। एक तरफ हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया तो दूसरी तरफ असम के बारपेटा से सांसद अब्दुल खालिक ने भी पार्टी का साथ छोड़ दिया था।
हालांकि कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद दिल्ली पहुंचे सांसद अब्दुल खालिक का मन सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के बाद बदल गया। और उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया।

कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने वाले असम के बारपेटा सांसद अब्दुल खालिक ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। अपने फैसले को लेकर उन्होंने लिखा, "कांग्रेस को मजबूत करना समय की मांग है, इसलिए मैं अपना इस्तीफा वापस लेता हूं और आपके (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे) और राहुल गांधी के सक्षम नेतृत्व में काम करना चाहता हूं।"
सोनिया गांधी से भी मुलाकात
इससे पहले अब्दुल खालिक ने दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी, जिसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि "मैंने चर्चा के लिए मैडम सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुझे उन पर पूरा भरोसा है। राहुल जी और खड़गे जी जनविरोधी भाजपा सरकार को बदलने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। मैडम गांधी और वेणुगोपाल जी ने मुझे आश्वासन दिया कि वे मेरी चिंताओं पर ध्यान देंगे।''
जानिए क्यों दिया इस्तीफा?
दरअसल, कांग्रेस ने बारपेटा सीट से उनकी जगह दीप बायन को मैदान में उतारा हैं। जिसके बाद सांसद अब्दुल खालिक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी पर जनता के मुद्दों को पीछे छोड़ आगे बढ़ जाने का आरोप लगाया। इसी के साथ उन्होंने असम प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा और एआईसीसी महासचिव प्रभारी जितेंद्र सिंह के रवैये को लेकर भी निशाना साधा।












Click it and Unblock the Notifications